आय से अधिक संपत्तियों पर मेयर गामा बोले –
संपत्तियों की खरीद—फरोख्त से की कमाई

0
508

कोई बेनामी संपत्ति नहीं, टैक्स देता हूं
पत्नी और बच्चे भी कमाते हैं, अकेला नहीं
सभी की संपत्तियों की कीमतें बढ़ी, सिर्फ मेरी नहीं

देहरादून। आय से अधिक संपत्तियों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए देहरादून नगर निगम के मेयर सुनील उनियाल गामा ने आज निगम में पत्रकार वार्ता बुलाकर कहा कि भ्रष्टाचार की कमाई से नहीं मेहनत की कमाई से जुटाई है संपत्तियां। सभी संपत्तियों का टैक्स देता हूं कोई बेनामी संपत्ति नहीं।
उन्होंने कहा कि मैंने अपने चुनाव के दौरान जब पर्चा भरा था तो ढाई करोड़ की संपत्तियों की जानकारी दी थी। पत्रकारों द्वारा जब उनसे पूछा गया कि इतने कम समय में आपकी संपत्तियंा ढाई करोड़ से 5 करोड़ कैसे हो गई तो उन्होंने कहा कि देहरादून में तेजी से विकास हुआ है इसलिए संपत्तियों की कीमतें भी बढ़ी हैं। मेरे पास जो घर है मैंने एक हजार रूपये वर्ग की जमीन खरीदी थी आज मेरा घर कई करोड़ का है। उन्होंने कहा कि आरटीआई से जो 11 संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई है और मेरे विपक्षी आज जो सवाल उठा रहे हैं कि मेयर गामा की संपत्तिया 5 से 50 करोड़ की हो गई, उन्हें यह भी पता करना चाहिए कि इनमें से आधी संपत्तियों को मैं बेच चुका हूं। जिन्हें बेचकर मैंने दूसरी संपत्तियां खरीदी हैं।
उन्होंने कहा कि 18 साल की उम्र से मैं काम कर रहा हूं। पान का खोखा खोल कर जिंदगी की शुरुआत की थी। खराद की मशीन भी लगाई, चौमिन की दुकान भी खोली, ठेकेदारी भी की। उन्होने कहा कि मैं बी श्रेणी का ठेकेदार भी रहा हूं। पीडब्ल्यूडी से लेकर नगरपालिका के भी अनेक काम किए हैं। मेरी पत्नी भी नौकरी करती है। बेटा और बेटी भी काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संपत्तियां विकास के दौर में सभी की बढ़ी हैं। उन्होंने नगर निगम से किराए पर ली गई दुकान से लेकर पेट्रोल पंप में साझेदारी की बात तक तमाम बातों पर पत्रकारों के सामने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि पेट्रोल पंप में न उनका हिस्सा है न साझा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संपत्तियों की खरीद—फरोख्त के धंधे में तथा संपत्तियों के दामों में आई तेजी से उनकी कीमतें बढ़ी हैं। उनके पास भ्रष्टाचार की कोई कमाई नहीं है साथ ही उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में होता था भाजपा के शासनकाल में नहीं। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर सवा करोड़ का कर्ज भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here