विमान हादसे में वैगनर प्रमुख प्रिगोझिन की मौत

0
277


मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में हुए एक विमान हादसे में प्राइवेट आर्मी वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन के मारे जाने का दावा किया गया है। प्रिगोझिन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ दो महीने पहले विद्रोह किया था, लेकिन यह विद्रोह असफल हो गया था। मॉस्को के उत्तर में बुधवार की शाम एक विमान हादसे का शिकार हुआ था। कहा जा रहा है कि प्रिगोझिन भी उस विमान में सवार था। विमान में 10 लोग सवार थे। हादसे में कोई जिंदा नहीं बचा।
प्रिगोझिन के समर्थकों ने उनकी हत्या के पीछे सरकार का हाथ बताया है। वैगनर ग्रुप के लड़ाकों ने यूक्रेन में रूस की ओर से जंग लड़ी है। प्रिगोझिन की मौत के बाद अब इस ग्रुप के नेतृत्वहीन होने का खतरा है। ऐसा होता है तो इसके अफ्रीका और अन्य जगहों पर भविष्य के अभियानों पर सवाल खड़े होंगे।
रूस की विमानन एजेंसी रोसावियात्सिया ने हादसे का शिकार हुए विमान में सवार सभी 10 लोगों के नाम प्रकाशित किए है। इनमें प्रिगोझिन और उनके दाहिने हाथ दिमित्री उत्किन भी शामिल हैं। दिमित्री उत्किन वैगनर के सह-संस्थापक थे। रूसी जांचकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। कुछ अज्ञात सूत्रों ने रूसी मीडिया को बताया कि विमान को सतह से हवा में मार करने वाली एक या अधिक मिसाइलों द्वारा मार गिराया गया था। विमान मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था। यह टवर क्षेत्र के कुजेनकिनो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here