मुख्यमंत्री ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर तेजी से काम चल रहा है और राज्य में बहुत जल्द यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड उनका कोई चुनावी मुद्दा नहीं था। राज्य और राज्य की जनता के हितों के प्रति उनका संकल्प है। उन्होंने कहा है कि समान नागरिक संहिता कानून का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए उनकी सरकार द्वारा जिस समिति का गठन किया गया है वह इसका ड्राफ्ट तैयार करने में जुटी हुई है। समिति द्वारा जैसे ही इसका ड्राफ्ट तैयार कर सरकार को सौंपा जाएगा सरकार इस पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस काम को पूरा किया जाएगा। ड्राफ्ट तैयार होने के एक दो महीने के अंदर ही राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड अपने अस्तित्व में आ जाएगा। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से यह उत्तराखंड राज्य के लिए जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री धामी ने 2022 फरवरी में चुनाव के दौरान राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की बात कही थी। सरकार गठन के बाद उनके द्वारा अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में इसका प्रस्ताव लाया गया था तथा यूनिफॉर्म सिविल कोड का स्वरूप कैसा हो इसके लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन सरकार कर चुकी है। जिसमें अनेक क्षेत्र के विशेषज्ञों को रखा गया है। इस समिति की अब तक दो बैठकें हो चुकी है तथा मुख्यमंत्री धामी समिति के कामकाज की खुद मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में अगर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होता है तो यह देश का पहला राज्य होगा जहां सामान नागरिक संहिता की व्यवस्था लागू होगी।