चुरायी गयी बाइक व आटो रिक्शा बरामद
देहरादून। वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिरो को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से चुरायी गयी बाइक व हरिद्वार से चुराया गया आटो रिक्शा बरामद किया गया है। आरोपी नशे के आदी है जिन्होने नशा पूर्ति के लिए ही इन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार बीते रोज गंगा राम पुत्र स्व. कामेश्वर दास निवासी 182 मायाकुण्ड ऋषिकेश द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया गया कि उनकी बाइक जो उनके भाई केशव कुमार के नाम पर पंजीकृत हैं, को उनके द्वारा 22 अगस्त को रात के समय बलबीर सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी गली नं. 4, गोविन्द नगर, ऋषिकेश को मरम्मत के लिये दिया था, जिसे रात में किसी अज्ञात चोर के द्वारा बलवीर सिंह के घर के बाहर से चोरी कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने देर रात एक सूचना के आधार पर देहरादून रोड, जंगलात बैरियर पर वाहनों की चेकिंग के दौरान नटराज चौक की ओर से आते हुए एक आटो रिक्शा को रोककर चेक किया गया तो ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति के अतिरिक्त ऑटो में पिछली सीट पर दो व्यक्ति एक मोटर साइकिल को पकड़कर बैठे हुए मिले, जिनसे आटो रिक्शा व मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे गए पर तीनों कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए।
संदेह होने पर पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ की गई तो तीनों लोगों द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को ऋषिकेश क्षेत्र से तथा उक्त ऑटो रिक्शा को हरिद्वार से चोरी करना बताया गया, जिस पर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जिनके नाम सन्नी पुत्र बृजपाल निवासी गाजी वाली गली नंबर— 6 शराब के ठेके के पीछे कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, श्ौलेंद्र कुमार पुत्र रामकुमार निवासी मकान नंबर— 3 हरिपुर कला निकट लवली टेंट हाउस, थाना रायवाला, जिला देहरादून व सन्नी पुत्र अशोक कुमार निवासी विकास अग्रवाल पीपल वाली रानी गली भूपत वाला कोतवाली हरिद्वार, मूल पता ग्राम दाबकी कला, थाना लक्सर, हरिद्वार बताया जा रहा है। जिन्होने बताया कि वह तीनों नशा करने के आदी है तथा नशे के लिए पैसे न होने व नशे की पूर्ति के लिए उनके द्वारा उक्त ऑटो रिक्शा को दूधाबन हरिद्वार से तथा मोटर साईकिल को गोविन्दनगर ऋषिकेश से चोरी किया था। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




