Home News Posts उत्तराखंड उत्तराखंड के साथ कुर्बानी का रिश्ताः राहुल

उत्तराखंड के साथ कुर्बानी का रिश्ताः राहुल

0
848

उत्तराखंड ने देश को सबसे अधिक खून दिया

देहरादून। विजय दिवस की 50 वीं वर्षगांठ पर राजधानी के परेड ग्राउंड में आयोजित विजय सम्मान रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 1971 की विजय गाथा लिखने वाले सैन्य परिवारों के साथ अपना कुर्बानी का रिश्ता बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जिसे सैन्य प्रदेश कहा जाता है उसके लोगों के साथ मेरा क्या रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जब मैं इस सवाल पर सोचता हूं तो मुझे अपनी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी की याद आती है जब मैं यहां पढ़ता था और स्कूल के शिक्षकों ने मुझे बताया था कि उन्हें 32 गोलियां लगी है। मैं जानता हूं कि जब किसी परिवार के पास एक फोन आता है कि उनका बेटा या पिता शहीद हो गए हैं तो उसका दुख क्या होता है? मेरे परिवार ने भी वैसी ही कुर्बानियां दी हैं जैसी उत्तराखंड के हजारों परिवारों ने इस देश के लिए कुर्बानियां दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हिंदुस्तान के लिए सबसे अधिक खून दिया है। उन्होंने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि आपको पता है कि 1971 का पाकिस्तान युद्ध भारत ने महज 13 दिन में कैसे जीत लिया था तब देश एक था। वह जंग देश के उन लोगों ने जीती थी जिन्होंने अपनी स्वेच्छा से अपने घर का सोना तक दे दिया था मगर आज वैसी स्थिति नहीं है आज देश को बांटा जा रहा है, भाई—भाई को लड़ाया जा रहा है, देश को कमजोर किया जा रहा है, डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार तीन कृषि कानून लेकर आई, यह कानून किसान को मजबूत करने के लिए नहीं किसानों को खत्म करने के लिए लाए गए थे। किसान डरे नहीं लड़े, हम उनके साथ खड़े रहे और एक साल बाद प्रधानमंत्री को उन्हें वापस लेना पड़ा और माफी मांगनी पड़ी। किसानों की यह जीत उनकी एकता की जीत थी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और गलत जीएसटी से व्यापारी और आम आदमी तबाह हो चुका है। सरकार ने दस लाख करोड़ पेट्रोल डीजल से टैक्स वसूल कर आपकी जेब से निकाल लिया गया जो भाजपा और मोदी की ब्रांडिंग पर खर्च किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गंगा में तो आप सब भी जरूर कभी न कभी नहाये होंगे लेकिन ऐसा लगता है कि आज तक कोई कभी गंगा में नहाया ही नहीं। सिर्फ मोदी जी पहले ऐसे भारतीय हैं जो गंगा में नहाए हैं। उनके इस जुमले पर लोगों ने खूब तालियां बजाई।
उन्होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार ने देश की सारी अर्थव्यवस्था को देश के दो—तीन पंूजीपतियों के नाम कर दी है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को उन्होंने ध्वस्त कर दिया है तथा छोटे व्यापारी और उघमी परेशान हैं जो रोजगार का मुख्य स्रोत थे। राहुल ने कहा कि देश तब मजबूत होता है जब देश का नागरिक मजबूत होता है लेकिन मोदी सरकार आम नागरिक को कमजोर बना कर देश को मजबूत बना रही है।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। किसी को भी सरकार के खिलाफ बोलने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार के रहते आप को रोजगार नहीं मिल सकता है। इस अवसर पर प्रीतम सिंह व हरीश रावत ने भी जनसभा को संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here