- फिर बदला मौसम का मिजाज, तापमान लुढ़का
- धामों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। बीती रात से अचानक बदले मौसम के कारण पहाड़ पर एक बार फिर शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, हरिद्वार तथा उधम सिंह नगर और नैनीताल में घने काले बादल छाए हुए हैं तथा बारिश हो रही है। वही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी तथा चंपावत के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीती रात से कहीं हल्की बारिश तो कहीं भारी बर्फबारी होने की खबरें हैं। पहाड़ पर हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण एक बार फिर तापमान में गिरावट आई है। जिसका असर पहाड़ से मैदान तक देखा जा रहा है।
राज्य में बीते एक सप्ताह से मौसम साफ था तथा दिन में चटख धूप निकलने से जो गर्माहट का एहसास हो रहा था उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि अगर तापमान इसी तरह बढ़ता है तो आने वाले दिनों में गर्मी का भीषण प्रकोप रहने वाला है। लेकिन अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगोत्री तथा यमुनोत्री धामों के साथ केदारनाथ धाम में अच्छी—खासी बर्फबारी हो रही है, वहीं चमोली जनपद में भी बर्फबारी होने की खबरें है। हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ में बर्फबारी हो रही है जिसका असर राज्य के मैदानी भाग में भी देखा जा रहा है।
मौसम के मिजाज में आए बदलाव के कारण पहाड़ और मैदान में शीत का प्रकोप बढ़ा है मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आने वाले एक दो दिन अभी इसी तरह का मौसम रहेगा।



