पौड़ी। गुलदार का शिकार कर उसकी खाल की तस्करी करने की फिराक में जुटे एक वन्य जीव तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से पुलिस ने गुलदार की खाल बरामद की है। आरोपी ने गुलदार को दो वर्ष पहले शिकार किया था। जिसकी खाल को वह इन दिनो हरियाणा में बेचने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना सतपुली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पोखरी, दुधारखाल में एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है, जिसे बेचने के लिए वह आगामी दिनों में हरियाणा ले जाने की तैयारी कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए ग्राम पोखरी में दबिश दी गई। पुलिस टीम द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति संदीप कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर तलाशी ली गई। इम दौरान संदिग्ध व्यक्ति संदीप कुमार धस्माना निवासी ग्राम पोखरी, सतपुली के घर में एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद की गई। आरोपी द्वारा बताया गया कि उसके द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था तथा उसकी खाल निकालकर सुखाकर अपने पास रखी थी, सही खरीदार की तलाश में वह खाल को लंबे समय से छिपाकर रखे हुए था और अब उसे बेचने की योजना बना रहा था। गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे संरक्षित वन्यजीव का शिकार करना, उसकी खाल रखना अथवा उसका व्यापार करना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहंा से उसे जेल भेज दिया गया है।




