उत्तराखंड में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

0
460
  • पूरे राज्य के स्कूल—कॉलेज बंद
  • हाई अलर्ट पर सूबे का शासन—प्रशासन
  • आगामी 48 घंटे देवभूमि पर बहुत भारी
  • सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क किया

    देहरादून। यूं तो उत्तराखंड राज्य में लंबे समय से बारिश का दौर जारी है लेकिन अगस्त माह में जिस तरह से आसमान से आफत की बरसात हुई उसने सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप राज्य में बीती रात से मूसलाधार बारिश हो रही है राजधानी दून सहित राज्य के 5 जिलों के लिए आगामी 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट और शेष आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
    मौसम विभाग द्वारा जारी इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह आपदा प्रबंधन की सभी टीमों के साथ 24 घंटे अलर्ट पर रहे तथा किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी रखें। उन्होंने राज्य के लोगों से भी अपील की है कि वह अपनी सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहें तथा नदी नालों से दूरी बनाकर रखें।
    जिन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है उसमें देहरादून, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर शामिल है। शेष सभी जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। आज पूरे राज्य में कक्षा एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों व कॉलेजों में अवकाश रखा गया है तथा आंगनबाड़ी केंद्रो को बंद रखा गया है। राज्य के लोगोें को इससे पूर्व कई क्षेत्रों में बादल फटने और भूस्खलन की खबरों के आने से पहले ही भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
    बीते 25 दिनों से गंगोत्री तथा 10 दिनों से यमुनोत्री धाम की यात्रा बंद पड़ी है। वहीं हर्षिल, धराली और थराली के बाद बागेश्वर में बादल फटने के कारण भयानक आपदा का सामना करना पड़ रहा है। चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के साथ ही टिहरी और नैनीताल व पिथौरागढ़ में बड़ी तबाही देखी गई है। पहाड़ों के दरकने व बादल फटने की घटनाओं ने पूरे राज्य के जनजीवन को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। लोगों के घर मकान व दुकानों को भारी नुकसान हो रहा है तथा बड़ी संख्या में जनहानि भी हो रही है। लेकिन अब सवाल यही है कि इस आपदा से मुक्ति कब और कैसे मिल सकेगी। मानसून की विदाई के लिए अभी एक सप्ताह से पूर्व के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here