देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। जिसमें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को आगामी चुनाव के लिए उत्तराखंड का प्रभारी नियुक्त किया है। उत्तराखंड के अलावा भाजपा ने अन्य चार चुनावी राज्यों के लिए भी प्रभारियों के नाम का ऐलान किया है।
जोशी के साथ ही केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तराखण्ड में चुनाव के मद्देनजर भाजपा पूरी तरह से तैयारियों में जुटी हुई है। उत्तराखंड में भाजपा जन आशीर्वाद रैली का आयोजन कर जनता के बीच में जा रही है। वहीं भाजपा नेता भी अपने—अपने क्षेत्रों में सक्रिय होने लगे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने पांचों राज्यों में अपने प्रभारी नियुक्त कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। दिलचस्प बात ये है कि इनमें से चार राज्यों में भाजपा की सरकार है। ऐसे में बीजेपी के लिए यह चुनाव मिशन 2024 का सेमीफाइनल माना जा रहा है।