भाजपा के कार्यकाल में हुई सभी नियुक्तियों की जांच की मांग
देहरादून। नियुक्तियों में धांधली के विरोध में आज विपक्षी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सचिवालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तथा धरना दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और विधायक भुवन चंद कापड़ी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेताओं ने आज सचिवालय कूच किया जहां सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सचिवालय गेट पर धरना भी दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक ज्ञापन देकर भाजपा के कार्यकाल में हुई विभिन्न विभागों में नियुक्तियों की जांच कराने की मांग भी की गई। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अधीनस्थ सेवाओं पर भी भर्तियों में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का कहना है कि भाजपा की सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वच्छ शासन—प्रशासन और पारदर्शिता की बातें तो करते हैं लेकिन राज्य में बेरोजगारों के साथ सरकार नाइंसाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में तमाम विभागों में जो नियुक्तियां की गई है उनमें भारी अनियमितताएं बरती गई है। उन्होंने कहा कि सरकार इन नियुक्तियों की जांच कराएं। भुवन चंद कापड़ी का कहना है कि सरकार अपने कार्यकाल में हुई भर्तियों की जांच कराएं उन्होंने कहा कि राज्य के सहकारी बैंक में हुई नियुक्तियों की सरकार जांच कराने के नाम पर लीपापोती कर रही है उन्होंने कहा कि सरकार इन नियुक्तियों की सिर्फ एक जांच कर रही है उन्होंने कहा कि भाजपा 6 साल से सत्ता में है सहकारिता में बीते 6 सालों में जितनी भी नियुक्तियां हुई है उन सभी की जांच कराई जाए। सिर्फ एक साल के अंदर हुई नियुक्तियों की ही जांच क्यों कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि तमाम सरकारी विभागों में बीते 6 साल में जो भी नियुक्तियां हुई है उन सभी में भारी अनियमितताएं बरती गई है। उन्होंने अधीनस्थ सेवा आयोग पर भर्तियों में नियुक्तियों मेंं धांधली का आरोप लगाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति में धांधली की जांच की मांग के पोस्टर हाथों में ले रखे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार को एक ज्ञापन देकर धांधली की जांच की मांग की है। इससे पूर्व सैकड़ों कार्यकर्ता राजीव गांधी भवन में जमा हुए जहां से उन्होंने सचिवालय कूच किया।