मुख्यमंत्री धामी छाता लेकर कर रहे हैं डोर टू डोर प्रचार

0
328

बारिश व बर्फबारी के बीच चुनाव प्रचार पर मजबूर है नेता व कार्यकर्ता

देहरादून/खटीमा। खराब मौसम ने चुनावी रंग में भंग डाल दिया है। बीते 24 घंटों से प्रदेश में जारी वर्षा और बर्फबारी ने चुनाव प्रचार अभियान की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। लेकिन नेता और कार्यकर्ता खराब मौसम के बीच भी जितना संभव हो सकता है जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपने खटीमा क्षेत्र में छाता लेकर बारिश में डोर टू डोर पर चुनाव प्रचार करते दिखे। वही चमोली और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों से ऐसी भी तस्वीरें आई है जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता अपने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में भारी बर्फबारी के बीच भी चुनाव प्रचार करते दिखाई दिये।
उत्तराखंड के पर्वतीय ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 2 दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री जो आज अपने विधानसभा क्षेत्र में हैं सुबह से ही हाथ में छाता लेकर जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए दिखाई दिए। उनका उत्साह देखकर लोग भी उनका स्वागत कर रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि लोगों में चुनाव को लेकर भारी उत्साह है तथा वह 14 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया है कि जनता एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सत्ता में भाजपा को लाने जा रही है। उन्होंने एक बार फिर भाजपा सरकार और अब की बार 60 पार की बात कहते हुए कहा कि वह जनता के बीच हैं और उन्हें जनता के मूड का पता है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग तथा अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में 24 घंटों से भारी हिमपात हो रहा है। लेकिन यहां भी कार्यकर्ताओं की टोलियां बर्फबारी के बीच अपने पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए हैं। हालांकि चुनाव प्रचार की गति पर खराब मौसम के कारण ब्रेक जरूर लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here