मणिपुर : हिंसा पीड़ितों से मिलने जा रहे राहुल गांधी के काफिले को पुलिस ने रोका

0
243


इंफाल। हिंसाग्रस्त मणिपुर का दौरा करने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को स्थानीय पुलिस ने रोक दिया है। राहुल गांधी को इंफाल एयरपोर्ट के आगे विष्णुपुर चेकपोस्ट पर रोका गया है। पुलिस का कहना है कि आगे अशांति है। राहुल का काफिला बिष्णुपुर जिले में रोका गया है। राहुल इम्फाल से करीब 20 किमी ही आगे बढ़ पाए। बिष्णुपुर के एसपी ने बताया कि राहुल समेत किसी को आगे नहीं जाने दिया जा सकता है। हमारे लिए उनकी सुरक्षा प्राथमिकता में है। आगजनी हुई है और कल रात भी हालात बदतर थे। राहुल आज से दो दिन के मणिपुर के दौरे पर हैं। वे गुरुवार सुबह दिल्ली से फ्लाइट से मणिपुर के लिए रवाना हुए। राहुल 29 और 30 जून को मणिपुर में रहेंगे। वहां वे राहत शिविरों का दौरा करेंगे और पीड़ितों का हाल जानेंगे। इसके अलावा, राहुल मणिपुर की राजधानी इम्फाल और चुराचांदपुर में सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे। राहुल दोपहर में तुइबोंग की ग्रीनवुड अकादमी और चुराचांदपुर के सरकारी कॉलेज जाएंगे। उसके बाद कोन्जेंगबाम में सामुदायिक हॉल और मोइरांग कॉलेज पहुंचेंगे। पूर्वोत्तर का राज्य मणिपुर 58 दिन दिन से हिंसा की आग में जल रहा है। यहां हिंसा में 120 लोग जान गंवा चुके हैं। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मणिपुर का दौरा किया था और राहत कैंपों में जाकर पीड़ितों की बात सुनी थी। एक हफ्ते पहले गृह मंत्री ने दिल्ली में मणिपुर की स्थिति को लेकर 18 पार्टियों के साथ सर्वदलीय बैठक की थी। इस बैठक में सपा और आरजेडी ने मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग की थी। साथ ही मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की भी मांग की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here