देहरादून। राजधानी दून में लगने वाले ऐतिहासिक झंडे मेले की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। बीते दो वर्षों में कोरोना के चलते यह मेला नहीं लग पाया था। इस मेले में विश्व भर के साथ ही भारत के कोने—कोने से श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं और दरबार साहिब का आशीर्वाद लेते हैं।
श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों के साथ 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदण्ड (नए श्री झण्डे जी) को बीते शनिवार को श्री दरबार साहिब लाया गया। इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए देश—विदेश से हजारों की संख्या में संगत शुक्रवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब, देहरादून पहुंच गई थी।
कोरोना महामारी का असर कम होते ही अब यह मेला 22 मार्च से अपने पूर्ण स्वरूप में लगने जा रहा है जो रामनवमी तक चलेगा। बताया जा रहा है कि इस बार पूरे विश्व से एनआरआई के साथ—साथ देश के कोने कोने से संगतों का आना शुरू हो गया है जिसके लिए दरबार साहब की तरफ से उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
झंडा साहब के लिए दर्शनीय गिलाफ भक्तों द्वारा चढ़ाया जाता है जिसके लिए वर्षों लग जाते हैं। दरबार प्रबंधन के अनुसार अगले 100 वर्षो तक के लिए यह बुकिंग पूरी हो चुकी है।