- आपदा राहत मानकों में भी किया जाए बदलाव
- राज्य में व्यापक स्तर पर हुआ है मानसूनी आपदा से नुकसान
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि राज्य में मानसूनी आपदा से अत्यंत ही व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है जिससे प्रदेश को भारी जन धन हानि हुई है उनका कहना है कि केंद्र सरकार को राज्य के लोगों की मदद के लिए विशेष आपदा राहत पैकेज देना चाहिए जिससे जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सके।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि आपदा राहत के जो पुराने मानक हैं उनमें भी बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा है कि आपदा प्रभावितों को जो राहत दी जाती है वह ऊंट के मुंह में जीरा ही है। आपदा से बेघर होने वाले लोगों को अपना जीवन फिर शुन्य से शुरू करना होता है और जो सरकारी मदद दी जाती है उससे वह सिर्फ जिंदा पर रह सकते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं उन्हें चाहिए कि वह केंद्र सरकार से राज्य की मदद के लिए प्रयास करें। उधर अभी भी राज्य में मानसूनी आपदा का कहर जारी है। राज्य में लगातार मूसलाधार बारिश का क्रम जारी है मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में देहरादून, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर सहित कई जिले शामिल हैं।




