भाजपा विधायक ने शिवसेना नेता को पुलिस स्टेशन में मारी गोलियां

0
323

महाराष्ट्र। भाजपा विधायक द्वारा पुलिस स्टेशन में शिवसेना नेता व उसके एक समर्थक पर गोलियंा चलाये जाने से दोनो घायल हो गये। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए भाजपा विधायक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं गम्भीर रूप से घायल शिवसेना नेता व उनके समर्थक का उपचार जारी है। वहीं डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता महेश गायकवाड़ और कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के बीच बीते कई दिनों से जमीनी विवाद चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कल्याण पूर्व के द्वारली परिसर में मौजूद संपत्ति पर मालिकाना हक को लेकर भाजपा विधायक और शिवेसना नेता के बीच विवाद चल रहा है। 31 जनवरी को भी इस विवाद में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद बीती शाम दोनों पक्ष उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और तनातनी होने लगी। आरोप है कि इसके बाद भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके सहयोगियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि एक तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान छह राउंड फायरिंग हुई।
घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने गोलीबारी करने के आरोपी भाजपा विधायक को हिरासत में लिया था, लेकिन आज सुबह भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवसेना नेता को दो गोलियां लगी हैं, वहीं उनके साथी को भी दो गोलियां लगी हैं। शिवसेना नेता की हालत गंभीर बनी हुई है। भाजपा विधायक का आरोप है कि महेश गायकवाड़ और उनके समर्थकों ने उनके बेटे के साथ बदतमीजी की थी, जिसके चलते उन्होंने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
उल्हासनगर में पुलिस थाने में हुई फायरिंग की इस घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस जांच के आदेश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here