BJP changed state presidents of 4 states
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पार्टी संगठन में बड़े फेरबदल का ऐलान करते हुए चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया है। इनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और पंजाब शामिल हैं, हालांकि पार्टी ने मध्य प्रदेश और कर्नाटक को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। इन राज्यों में भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा थी। पंजाब में अभी तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे। पार्टी ने पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर आए पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ को कमान सौंपी है। तो वहीं केंद्र में मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है। अभी बी संजय कुमार तेलंगाना के अध्यक्ष थे। बीजेपी ने पिछले दिनों बिहार में प्रदेश अध्यक्ष को बदला था। अब पार्टी ने बिहार से अलग होकर बने झारखंड में बदलाव किया है। पार्टी ने यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को कमान सौंपी है। झारखंड में झामुमो की अगुवाई वाला महागठबंधन सत्ता में हैं। अभी तक झारखंड में पार्टी संगठन की कमान दीपक प्रकाश के पास थी। मरांडी विधानसभा में नेता विपक्ष थे। ऐसे में संभावना है कि पार्टी नेता विपक्ष की जिम्मेदारी किसी और नेता को सौंपेगी। बीजेपी कुछ और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है।