कुशीनगर।उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमे एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार मरने वालों में एक महिला और पांच बच्चे शामिल है। रामकोला थाना क्षेत्र के उर्दहा गांव निवासी सरयू खटीक के दो बेटे हैं। इनमें एक बेटा परिवार लेकर लुधियाना पंजाब रहता है। दूसरा नवमी अपनी पत्नी संगीता (38), बेटी अंकिता (10), लक्ष्मीन (9), रीता( 3), गीता (2) और एक साल के बेटे बाबू के साथ गांव में रहता था। सरयू और उसकी पत्नी बगल की अलग झोपड़ी में रहते हैं। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एक ही परिवार में छह लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। बता दें कि बुधवार देर रात करीब 12 बजे कुशीनगर जिले की नगर पंचायत रामकोला के वार्ड नंबर-2 उर्दहा बापू नगर के एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस दौरान घर में एक महिला और पांच बच्चे सो रहे थे, जो आग की चपेट में आ गए। जिससे घर में मौजूद इन छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वसान दिया। आग के चलते झोपड़ी में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हुआ था। मौके पर पहुंचे डीएम रमेश रंजन ने बताया कि झोपड़ी में आग लगने से महिला और उसके पांच मासूम बच्चों की मौत हो गई है। आग कैसे लगी इसकी जांच पुलिस कर रही है।



