हरिद्वार। अलग—अलग थाना क्षेत्रों से हुई दो चेन लूटों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से लूटी गयी दो चेन भी बरामद की गयी है। आरोपी आनलाइन सट्टे का आदी है जो पैसों की कमी के चलते चेन लूट की वारदातों को अंजाम दिया करता था।
जानकारी के अनुसार बीती 6 अगस्त को थाना कनखल में मोहिनी गंभीर पत्नी स्व. देवेन्द्र कुमार गंभीर निवासी कृष्णानगर द्वारा तहरीर देकर बताया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका पीछा कर घर के गेट पर उनके गले से सोने की चेन लूट ली है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गयी। वहीं दूसरी ओर कोतवाली रानीपुर में एक बुजुर्ग महिला ने तहरीर देकर बताया गया कि 4 अगस्त की सुबह करीब 5.30 बजे राम मन्दिर टिहरी विस्थापित कालोनी की तरफ शिवालिक नगर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके गले से झपटृा मारकर सोने की चेन लूट ली गयी है। लगातार हो रही चेन लूटों को देखते हुए पुलिस की दो अलग—अलग टीमों ने लुटेरे की तलाश शुरू कर दी गयी। साथ ही सीआईयू हरिद्वार से भी इलेक्ट्रॉनिक सहायता (सपोर्टिंग क्लू) ली गई। पुलिस के दिन रात लगातार किए जा रहे इन प्रयासों और एक सूचना से मिले सटीक इनपुट के आधार पर थाना कनखल पुलिस ने बीती रात चैकिंग के दौरान खोखरा तिराहा के पास से बाइक सवार एक संदिग्ध को दबोचा गया। पूछताछ करने पर संदिग्ध ने दोनों वारदातों को अंजाम देने के बारे में बताया कि उसकी हरिद्वार के बेगमपुर में किराए पर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। गलत संगत के चलते उसे ऑनलाइन सटृा खेलने की आदत लग गई। जब दिन रात सटृा खेला तो पास में जितने पैसे थे धीरे—धीरे सब खत्म हो गए। तब सटृे के कारण पैसों की जरूरत के चलते सुनसान अकेले स्थानों में बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट किया गया। बुजुर्ग महिलाओं को इजी टार्गेट लेते हुए आरोपी द्वारा इन दोनों घटनाओं को अंजाम दिया गया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गयी दो चेने भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी बारहवीं तक पढ़ा है जो पूरी तरह सुनिश्चित था कि हरिद्वार में कोई खास जान पहचान न होने के चलते पुलिस उस तक नही पहुंच पाएगी और वारदात भी सुनसान इलाके में की जाती थी इसीलिए उसने कभी अपना चेहरा छुपाने का भी प्रयास नही किया। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




