Home News Posts उत्तराखंड 2027 चुनाव से पहले रामशरण नौटियाल ने थामा कांग्रेस का हाथ

2027 चुनाव से पहले रामशरण नौटियाल ने थामा कांग्रेस का हाथ

0
43

नई दिल्ली/देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखण्ड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा के पूर्व नेता और बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कुछ दिन पहले ही उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में एंट्री को उत्तराखंड की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके पार्टी में शामिल होने के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रामशरण नौटियाल को कांग्रेस की सदस्यता उत्तराखंड की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में दिलाई गई। कांग्रेस नेताओं ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि उनके पुराने साथी को भाजपा में घुटन महसूस हो रही थी। उन्होंने भाजपा के माहौल और कामकाज को लेकर उनकी नाराजगी का जिक्र करते हुए कांग्रेस में उनका स्वागत किया। सैलजा ने उम्मीद जताई कि रामशरण नौटियाल के पार्टी से जुड़ने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उनके इस बयान को भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए नौटियाल के राजनीतिक फैसले के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी रामशरण नौटियाल का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को नई ताकत मिलेगी।
बता दें कि रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह से हुआ था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चकराता विधानसभा सीट देहरादून जिले में स्थित है और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी आगामी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here