- गंगोत्री—यमुनोत्री सहित कई मार्गो पर आया भारी मलवा, श्रद्धालुओं को प्रशासन ने रोका
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने आज जोरदार दस्तक दी है। राज्य की राजधानी देहरादून सहित कई जिले इस जोरदार बारिश के चलते तरबतर हो गये है। जिसका असर अब चारधाम यात्रा मार्गो सहित कई मार्गो देखा गया है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग फरासू के पास आज सुबह से मलबा आने के कारण बंद पड़ा है। वहीं गंगोत्री—यमुनोत्री सहित एनएच—34 पर बगड़धार (नरेंद्रनगर) के पास भी पहाड़ी से मलबा गिरने के चलते यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जिस कारण दोनो ओर वाहनों की लम्बी कतारे लग गयी है।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो जाने के कारण बद्रीनाथ धाम जा रहे श्रद्धालु और अन्य यात्री घंटों से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं लगातार बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे मार्ग खोलने में देरी हो रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मार्ग खोलने के लिए संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल इन मार्गों पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यात्रियों का कहना है कि मार्ग बंद होने की सूचना समय पर उपलब्ध नहीं होने से कई लोग बिना जानकारी के आगे बढ़ गए और जाम में फंस गए। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सड़क और मौसम की स्थिति की नियमित जानकारी जारी करने की मांग की है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। ऐसे में विशेषज्ञों ने भी सलाह दी है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें।

वहीं राज्य में हो रही मानसूनी बारिश की करें तो सबसे अधिक बारिश काशीपुर में 206.0 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद जसपुर में 190.0 मिमी, लक्सर में 180.0 मिमी, कोटद्वार में 160.0 मिमी, हरिद्वार में 132.9 मिमी, रुड़की में 126.2 मिमी, बेतालघाट में 118.5 मिमी और नई टिहरी (सीडब्ल्यूसी) में 115.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रोशनाबाद में 115.0 मिमी, नैनीताल में 107.5 मिमी, कीर्तिनगर और नरेंद्रनगर में 105—105 मिमी, धनौल्टी में 100.0 मिमी, देवप्रयाग में 98.6 मिमी, मुक्तेश्वर में 96.2 मिमी, पौड़ी में 93.0 मिमी तथा रानीखेत में 92.3 मिमी बारिश हुई।
देहरादून मंडल में देहरादून में 70.8 मिमी, मसूरी में 70.1 मिमी, ऋषिकेश में 64.4 मिमी और जॉलीग्रांट में 76.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं हल्द्वानी में 60.4 मिमी, बनबसा में 56.0 मिमी, कर्णप्रयाग में 53.8 मिमी, रुद्रप्रयाग में 50.4 मिमी, चम्पावत में 49.0 मिमी, पंतनगर में 48.2 मिमी, गैरसैंण में 47.0 मिमी, रामनगर में 44.0 मिमी और खटीमा में 32.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार हो रही वर्षा के चलते नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन तथा मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी—नालों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।




