- पैर में लगी गोली, घायल
उधमसिंहनगर। हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए जब उसने पुलिस पर फायरिंग की तो जवाबी कार्यवाही में वह गोली लगने से घायल हो गया जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की शाम लगभग 7.30 बजे, कोतवाली सितारगंज क्षेत्र के ग्राम सेजनी में पुलिस को सूचना मिली कि निशान सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम सेजनी ने आपसी कहासुनी में सुरजीत सिंह पुत्र धीर सिंह निवासी ग्राम सेजनी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निशांत सिंह और सुरजीत सिंह के बीच पानी की मोटर लगाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस कहासुनी के दौरान, निशांत सिंह ने अपने पास मौजूद हथियार से सुरजीत सिंह पर सीधे फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरजीत सिंह को तुरंत सीएचसी सितारगंज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी निशान सिंह की तलाश शुरू कर दी। इस बीच बीती शाम एक सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा गोठा से बसगर की तरफ जाने वाले रास्ते पर जब एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो बाइक सवार द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की गई। पुलिस टीम द्वारा पुनः उसको पकड़ने की कोशिश की गई तो आरोपी द्वारा फिर से फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्यवाही में आरोपी के पैर में गोली लग गयी और वह घायल हो गया। जिसे पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम निशान सिंह बताया है।




