देहरादून। यूपीसीएल के एमडी अनिल यादव के सेवाविस्तार को लेकर हर तरफ विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस, लोकदल सहित विभिन्न संगठनों व दलों ने यादव पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्हे सेवा विस्तार देने के मामले को गलत बताया।
यूपीसीएल के एमडी अनिल यादव को सेवा विस्तार देने को लेकर प्रदेश में तकरार शुरू हो गयी है। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने इसका विरोध किया तो उनके खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज हो गया है। ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम के वरिष्ठ निजी सचिव कपिल कुमार ने एसएसपी को बताया कि शाम करीब साढे छह बजे सचिव मीनाक्षी सुंदरम विश्वकर्मा भवन स्थित अपने कक्ष में थे उसकी वक्त बॉबी पंवार अपने दो साथियों के साथ मिलने आया। जब वह सचिव कक्ष में पहुंचे तो उन्होंने सुंदरम से दुर्व्यवहार किया और गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं मीनाक्षी सुंदरम का कहना है कि बॉबी पंवार एक टेंडर को अपने किसी व्यक्ति को दिलाने के लिए दबाव बनाने आया था। जब उन्होने कहा कि यह यूपीसीएल के स्तर से ही किया जा सकता है तो उसने अभद्रता शुरू कर दी।
वहीं बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार का कहना है कि जब अनिल यादव मुख्य अभियंता थे तब मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूडी उस समय बोर्ड की अध्यक्ष थी तो उन्होंने जांच की थी तथा कहा था कि अनिल यादव के खिलाफ उच्च से उच्च कार्यवाही हो। बॉबी पंवार ने कहा कि भ्रष्टाचार करके लगभग 200 करोड से भी अधिक सम्पत्ति अर्जित करने वाले अधिकारी को यदि इस तरह सेवा विस्तार दिया जायेगा तो निश्चित ही बडी डील हुई होगी। बॉबी पंवार ने मीनाक्ष सुंदरम के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह कोई ठेकेदारी नहीं कर रहे हैं जो कि टेंडर के लिए उनके पास जाते।
वहीं कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि अनिल यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते जा रहे हैं फिर क्यों इसको सेवा विस्तार दिया जा रहा है, यही स्थिति पिटकुल में हैं। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिहं नेगी ने अनिल यादव को सेवा विस्तार दिये जाने पर कहा कि इस पर मुख्यमंत्री ने भी कार्यवाही करने के आदेश दिये थे लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। नेगी ने कहा कि अब तो प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलना भी गुनाह हो गया है। वही राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश महासचिव व मुख्य प्रवक्ता अनुपम खत्री ने कहा किं सचिवालय में घटना घटी थी बाबी पंवार पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने गाली गलौच व मारपीट की जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है जिसका राष्ट्रीय लोक दल विरोध करता है। सरकार व मुख्यमंत्री इस पर विचार कर जांच कराये। उन्होने कहा कि बॉबी पंवार जननायक के रूप में समाजिक चेहरा हैं। वह युवाओं की समस्याओं के लिए लड रहे है। इस मामले की जांच होनी चाहिए। नौकरशाहों के लिए भी संदेश है कि वह जनता के लिए ब्ौठे हैं। जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार किया जाना गलत है। जांच की जाये फुटेज सामने लानी चाहिए। नौकरशाह प्रदेश में सेवा कर रहे हैं या फिर जनप्रतिनिधियों से अभद्रता कर रहे हैं। बॉबी पंवार जन सेवक के रूप से कार्य कर रहे है। उनको गुण्डा कहना गलत है, यह नौकरशाहों की मनमानी है। इस पूरे मामले में प्रदेश में हो रही चर्चाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार व मुख्यमंत्री को ही कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।




