Home News Posts उत्तराखंड संघर्षपूर्ण कड़ा मुकाबला होगा केदारनाथ में

संघर्षपूर्ण कड़ा मुकाबला होगा केदारनाथ में

0
441

  • मोदी के विकास कार्यों पर मिलेगें भाजपा को वोटः धामी
  • प्रत्याशियों के नाम पर मंथन जारी
  • कांग्रेस को अब नहीं हरा पाएगी भाजपाः गणेश

देहरादून। केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को होने वाला चुनावी मुकाबला अत्यंत ही रोमांचक और कड़ा होने वाला है। महीनो पहले से चुनावी तैयारियों में जुटे भाजपा और कांग्रेस के नेताओं में इसे लेकर अत्यंत ही उत्साह दिखाई दे रहा है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही दोनों दलों के नेताओं द्वारा अपनी जीत के दावे किए जाने लगे हैं जबकि अभी उम्मीदवारों के नाम भी तय होने में कई दिन का समय लगेगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ का कहना है कि हम आज ही प्रत्याशियों के नामों की सूची सेंट्रल पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज रहे हैं। जैसे ही केंद्रीय नेतृत्व इन छह नाम में से एक नाम पर मोहर लगाएगा उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया जाएगा। भाजपा की समस्या यह भी है कि दावेदारों की संख्या काफी ज्यादा है लेकिन माना जा रहा है कि भाजपा के पास कुलदीप रावत ही सबसे मजबूत प्रत्याशी है। इसके अलावा अजय नौटियाल, आशा नौटियाल भी इस दावेदारी में शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह जिनके लिए केदारनाथ सीट का उपचुनाव सबसे ज्यादा अहम माना जा रहा है उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को जो विकास की नई गति दी है तथा उनके द्वारा केदारपूरी को भव्य व दिव्य बनाने का काम किया गया है उस विकास पर जनता भाजपा को ही वोट करेगी। तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को हम बड़े अंतर से हराने जा रहे हैं।
उधर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल का कहना है कि हम सभी कांग्रेस के नेता केदारनाथ चुनाव का वैसे ही इंतजार कर रहे थे जैसे दिवाली का करते हैं। अब चुनाव की तारीख तय हो चुकी है और हम तो पहले से ही तैयार हैं इस बार जीत की दिवाली कांग्रेस के घर ही मनाई जाएगी। उनका कहना है कि जल्द ही प्रत्याशी का नाम भी तय हो जाएगा तथा सभी नेता पूरी तरह एकजुटता के साथ यह चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस जीत को भाजपा नहीं रोक पाएगी चाहे वह अपने कितने भी बड़े नेताओं को मैदान में उतार दे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here