Home News Posts उत्तराखंड फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

0
519

  • दोनों के पैर में लगी गोली, उपचार जारी

हरिद्वार। फैक्ट्री में घुसकर फायरिंंग करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने चंद घटंों में ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुठभेड़ के दौरान दोनो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गये जिनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार साथी कर्मचारियों से झगड़े के बाद सिडकुल की एकम्स फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग कर अफरा—तफरी मचाने वाले बागपत के दोनों बदमाशों को पुलिस ने चंद घंटे बाद ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर शिद्दत से बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस ने रात भर खोजबीन की। सुबह सिडकुल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस का बदमाशों से आमना सामना हो गया। बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बीती रात सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करने वाले धनुष व मोहित निवासी त्रिमूर्ति नगर ज्वालापुर, राहुल निवासी नवोदय नगर, विकास निवासी सलेमपुर व अमरीश निवासी महादेवपुरम और उनके दो साथी कपिल विश्नोई और आयुष तोमर निवासी बागपत ने शिवालिकनगर क्षेत्र में एक साथ शराब पी। उसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। वापस सिडकुल क्षेत्र पहुंचने पर आयुष तोमर और कपिल विश्नोई ने तमंचे से अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। जिस पर धनुष, मोहित, राहुल, विकास, अमरीष जान बचाने के लिए एकम्स फैक्ट्री में घुस गए। आयुष और कपिल उनका पीछा करते हुए एकम्स के अंदर घुस गए। जिससे फैक्ट्री में अफरा—तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से एकम्स सुपरवाइजर निशांत और विनोद बिष्ट, गार्ड अभिषेक, हेल्पर शुभम, ड्राइवर कुलदीप और रोहित घायल हो गए थे। सूचना पर सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद सनसनी फैलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सबसे पहले मेट्रो अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल—चाल जाना और घटना की जानकारी लेकर पुलिस को तुरंत धरपकड़ के निर्देश दिए। एसओजी को भी आरोपियों की गिरफ्तारी में लगाया गया। तकनीकी और मैन्युअली काम करते हुए अलग—अलग टीमों ने बदमाशों की तलाश में पूरी ताकत झोंक दी।
आज सुबह सिडकुल क्षेत्र में पेंटागन मॉल के नजदीक हो रही चैकिंग से बचने के लिए बदमाश रौ नदी की तरफ भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एएसपी सदर जितेंद्र मेहरा व शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों से पूछताछ शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here