Home News Posts उत्तराखंड राष्ट्रपति ने किये भगवान बद्रीनाथ के दर्शन

राष्ट्रपति ने किये भगवान बद्रीनाथ के दर्शन

0
512
  • राष्ट्र व समाज की सुख समृद्धि की कामना की
  • दीक्षांत समारोह श्रीनगर में वितरित की डिग्रियां

देहरादून/चमोली। तीन दिवसीय दौरे पर आई राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने आज बद्रीनाथ धाम में भगवान बद्री विशाल की पूजा अर्चना और दर्शन किए। धाम पहुंचने पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं बद्री केदार समिति के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पहली बार बद्रीनाथ धाम पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू आज सुबह देहरादून से सेना के हेलीकॉप्टर से बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। धाम पहुंचने पर उन्होंने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन किए तथा राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए पूजा पाठ किया। उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व राज्यपाल गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। बद्री केदार समिति के सदस्यों से तथा पुजारी से भी उन्होंने वार्ता की। राष्ट्रपति 10 से 11 बजे तक लगभग 1 घंटे धाम में रुकी, इस दौरान थोड़ा समय उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भी बिताया। इस दौरान यहां उनकी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इस दौरान मंदिर क्षेत्र को जीरो जोन रखा गया तथा किसी यात्री को दर्शनों की अनुमति नहीं दी गई। राष्ट्रपति के जाने के बाद मंदिर सभी दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया। धाम पहुंचकर राष्ट्रपति धाम की प्राकृतिक छटा को देखकर भी अभिभूत नजर आई।
यहां से राष्ट्रपति सेना के हेलीकॉप्टर से गढ़वाल विश्वविघालय श्रीनगर रवाना हो गई जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में वह भाग लेंगी तथा छात्र—छात्राओं को डिग्रियां प्रदान करेगी। शाम 5 बजे उनका देहरादून वापस आने का कार्यक्रम है। कल 9 नवंबर को यहां आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी वह हिस्सा लेंगी तथा इस अवसर पर आयोजित होने वाली पुलिस परेड की सलामी लेंगी। 9 नवंबर शाम उनके दिल्ली वापस लौटने का कार्यक्रम है।
इससे पूर्व आज सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके बद्रीनाथ धाम पहुंचने से पूर्व राजभवन जाकर राष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात भी की थी और उन्हें फूलों का गुलदस्ता तथा केदारनाथ की प्रतिमा प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट की गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here