- सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी
पौड़ी। सोशल मीडिया के माध्यम से कोटद्वार के दीपक को जान से मारने की धमकी देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज दीपक कुमार, निवासी कोटद्वार द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती पत्र देकर बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से उनको मारने के संबंध में 2 लाख रूपये का इनाम देने की धमकी दी गई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा प्रभारी निरीक्षक, कोटद्वार को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये गये। मामले में पुलिस ने सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष के रूप में की है जो मोतीहारी, बिहार का रहने वाला है पौड़ी पुलिस द्वारा बिहार पुलिस से सम्पर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है साथ ही आरोपी के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पौड़ी पुलिस टीम लगातार बिहार पुलिस के सम्पर्क में है और इस प्रकरण मे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया के माध्यम से देश—विदेशो तक चर्चाओं में आये कोटद्वार निवासी जिम संचालक दीपक पर कुछ राजनीतिक दलों द्वारा कमेंट किये जा रहे है। कुछ लोग दीपक द्वारा किये गये कार्य की सराहना कर रहे है तो कुछ उन पर भद्दी टिपणियंा कर रहे है। ऐसे में बिहार निवासी एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से उनको जान से मारने की धमकी दी गयी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




