May 12, 2026आरटीआई ने एएसआई पर बनाया दबाव देहरादून। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने आखिरकार 2015 में टिहरी के एक दूरदराज के गाँव में मिली तलवारों और हथियारों की वैज्ञानिक जाँच पूरी कर ली है। टिहरी गढ़वाल के पेपोला ढुंग में सड़क निर्माण के काम के दौरान जमीन से निकली एक तलवार ने एएसआई को भी हैरान कर दिया है।इस तलवार के बारे में टिप्पणी करते हुए, वैज्ञानिक जाँच पर आधारित एएसआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है, इसके अलावा, तांबे और जस्ता (जिंक) से भरपूर एक हिस्से (संभवतः एक क्विलॉन ब्लॉक या क्रॉस गार्ड) की खोज से पता चलता है कि हथियार बनाने के कुछ हिस्सों में जानबूझकर पीतल का इस्तेमाल किया गया था, जो अन्य चीजों की मुख्य रूप से लोहे की बनावट से अलग है। यह ऐतिहासिक हथियारों में धातु के चुनाव के प्रति एक बारीक और सोची—समझी सोच को दिखाता है।टिहरी गढ़वाल के पेपोला ढुंग में मिले 94 हथियार 2015 से ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के देहरादून कार्यालय के स्टोर में रखे हुए थे। देहरादून के आरटीआई कार्यकर्ता राजू गुसाईं ने 17 फरवरी 2025 को एएसआई में एक आरटीआई अर्जी दाखिल कर बरामद हथियारों की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी थी। इसका जवाब चौंकाने वाला था, जिसमें बताया गया कि अभी तक इन हथियारों की वैज्ञानिक जाँच नहीं की गई है। उनकी आरटीआई के दबाव में एएसआई को इन हथियारों को जाँच के लिए भेजना पड़ा। लेकिन, इसके बाद भी वैज्ञानिक जाँच शुरू नहीं हो रही थी, इसलिए गुसाईं ने नियमित रूप से आरटीआई अर्जियाँ दाखिल कर इस बारे में जानकारी मांगी। हाल ही में, एएसआई ने आवेदक को चार पन्नों की एक रिपोर्ट भेजी है।मिले 94 हथियारों में से एएसआई ने कुल 80 हथियारों की वैज्ञानिक जाँच की। एएसआई की ट्टवैज्ञानिक और संरक्षण शाखा’ ने यह अध्ययन किया। यह जाँच 8 और 9 मई 2025 को की गई थी, और इसकी शुरुआती रिपोर्ट 26 मई 2025 को तैयार की गई। साल 2015 में, टिहरी गढ़वाल के एक दूरदराज के गाँव में जमीन से तलवारें, भाले और अन्य हथियार मिले थे। इन हथियारों के मिलने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इन्हें अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन इनकी कोई वैज्ञानिक जाँच नहीं कर रहा था। आरटीआई के दबाव में ही एएसआई को यह जाँच करवानी पड़ी, और यहाँ तक कि वैज्ञानिक जाँच की रिपोर्ट भी आरटीआई के जरिए ही हासिल की गई।
May 12, 2026प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर आज भी यह समझ बैठे हैं कि वह देशवासियों को अगर यह कहेंगे कि भूत आ रहा है और तुम्हें खा जाएगा इसलिए सर के बल खड़े हो जाओ तो वह सर के बल खड़े हो जाएंगे? तो वह बहुत बड़े मुगालते में है वह समय अब बहुत पीछे छूट चुका है जब उनके कहने पर इस देश के लोगों ने घरों की छतों और बालकोनियों में खड़े होकर ताली और थालियां बजाई थी। उनके द्वारा अपने इमोशंस का इस्तेमाल करने की सभी सीमाएं पार हो चुकी हैं। वर्तमान समय में वह देश के लोगों से देश की डूबती अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय हितों की दुहाई देते हुए एक साल तक सोना न खरीदने पेट्रोल—डीजल की बचत करने के लिए मेट्रो में सवारी करने, खाघ तेल और उर्वरकों का इस्तेमाल न करने सहित विदेश घूमने न जाने तक तमाम जो बातें की जा रही है उनका लोग न सिर्फ मजाक बना रहे हैं बल्कि उनसे सीधे सवाल कर रहे हैं कि आज अगर देश की अर्थव्यवस्था इस बदहाल स्थिति में आकर खड़ी हो गई है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? देश के लोगों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपया 95 तो अब पहुंचा जब 85 पर था तब खाड़ी में युद्ध नहीं हो रहा था तब सरकार कहां सोई हुई थी? इजरायल ईरान युद्ध तो अभी 2 महीने पहले ही शुरू हुआ है क्या इन दो महीना में ही अर्थव्यवस्था डूब गई है जी नहीं इस अर्थव्यवस्था की बदहाली ऐसी होने में पूरे एक दशक का समय लगा है। जिसमें देश के लघु और मध्यम उघोगों को चौपट करने का काम सरकार ने किया है। नोटबंदी के एक तुगलकी फैसले ने देश के उघोग धंधों की ऐसी कमर तोड़ी कि वह फिर संभल ही नहीं सके। जब सत्ता में आए थे और विदेशों में जमा काला धन वापस लाने का और गरीबों के खातों में 15—15 लाख डालने का सफेद झूठ बोला था उसे अगर चुनावी शगुफा भी मान लिया जाए तो क्या हर साल 2 करोड़ रोजगार का वायदा भी शगुफा था अगर हां तो फिर इन शगूफो की फेरहिस्त इतनी लंबी हो चुकी है कि प्रधानमंत्री की किसी भी बात पर देश के लोग भला कैसे भरोसा कर सकते हैं। चुनाव दर चुनाव उनकी जीत को आधार बनाकर उनके अंध भक्तों का यह तर्क की अगर मोदी ने कोई काम नहीं किया है तो लोग उन्हें वोट क्यों दे रहे हैं? महज एक कुतर्क ही कहा जा सकता है क्योंकि अब पूरा देश जान चुका है कि भाजपा सरकार ने चुनावों को भी एक इवेंट मैनेजमेंट कैसे बना दिया है। देश के आम आदमी का जीवन बदहाली के जिस कगार पर आकर खड़ा हो गया है और शिक्षित बेरोजगारों की फौज बढ़ती जा रही है तथा आय के संसाधन घटते जा रहे हैं विदेशी निवेशक शेयर बाजार से अपनी पूंजी निकाल कर भागते जा रहे हैं रुपए की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोई कीमत शेष बची ही नहीं है और सरकार कृत्रिम तरीकों के सहारे बेरोजगारी तथा बढ़ती महंगाई की समस्याओं का समाधान खोज रही है उससे अब देश का कोई भला नहीं होने वाला है। आने वाले दिनों में महंगाई और बेरोजगारी का जो बम फटने वाला है इसका अंदाजा सत्ता में बैठे लोगों को हो चुका है। विकसित भारत का सपना बेचने वालों को पता है कि अभी तो सोना न खरीदने की अपील से शायद कुछ दिन काम चल जाएगा लेकिन आने वाले दिनों में उन्हें राष्ट्र के नाम सोना दान करने की कहीं अपील न करनी पड़ जाए? सगूफे और लफ्फे लफ्फाजी से आप लोगों को कितने समय तक मूर्ख बना सकते हैं सरकार चलाने के लिए जनता का विश्वास चाहिए होता है उसे देश के नेता अब खो चुके हैं। पीएम की यह अपील खुद इसका सबूत है कि उन्होंने देश को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है।
May 12, 2026शहरों की नींव में दफन हो रहे हैं पहाड़ के गांवों के पुश्तैनी आंगन रोजगार की तलाश में शहर गए बेटे, गांव में अकेले रह गए मां-बाप बुजुर्ग आंखें आज भी हर बस और हर कदम में तलाशती हैं अपनों को आज के दौर में वीडियो काल को बना दिया है डिजिटल आत्मीयता देहरादून। पहाड़ की ऊंची चोटियों पर जब कोहरा उतरता है, तो पहाड़ के किसी दूरस्थ गांव की एक धुंधली सी खिड़की में एक बूढ़ा चेहरा टकटकी लगाए नीचे सड़क की ओर देखता मिलता है। वह सड़क जो सालों पहले उनके बेटे को साहब बनाने के लिए शहर ले गई थी। आज सड़क तो चकाचक डामर वाली हो गई है, लेकिन उस पर चलने वाले कदम अब गांव की ओर कम और शहर की ओर ज्यादा बढ़ते हैं।उत्तराखंड के हजारों गांवों की यही कहानी है। पलायन ने सिर्फ गांव खाली नहीं किए, उसने मां-बाप के जीवन से सहारा भी छीन लिया। जिन हाथों ने बच्चों को चलना सिखाया, आज वही हाथ बुढ़ापे में सहारे को तरस रहे हैं। कई बुजुर्ग ऐसे हैं, जिनके बच्चे साल में सिर्फ एक-दो बार गांव आते हैं। पहाड़ में पलायन ने केवल गांव खाली नहीं किए, उसने बुढ़ापे का लाठी भी छीन ली है। आज उत्तराखंड के हजारों बुजुर्ग पहरेदार बनकर रह गए हैं। वह अपनी पुश्तैनी जमीन और खंडहर होते मकानों की रखवाली कर रहे हैं इस उम्मीद में कि शायद किसी मोड़ पर उनका लाल वापस आएगा।यह पहाड़ की आज की हकीकत है दो बूढ़े चेहरे एक-दूसरे को निहारते हुए रात काट लेते हैं। आज पहाड़ के गांवों में रिश्तों की डोर व्हाट्सएप वीडियो काल पर टिक गई है। रविवार के दिन जब नेटवर्क साथ देता है, तो शहर में बैठा बेटा चंद मिनटों के लिए अपने बच्चों को दादा-दादी का चेहरा दिखाता है। आज के दौर में बीमार मां या पिता को अस्पताल ले जाने के लिए अब बेटा नहीं, बल्कि गांव का कोई पड़ोसी या टैक्सी वाला सहारा बनता है।आज गांवों तक सड़क पहुँची तो उम्मीद जागी थी कि दूरियां घटेंगी। लेकिन विडंबना देखिए इन्हीं सड़कों पर सवार होकर पहाड़ की जवानी मैदानों की ओर ऐसी उतरी कि फिर मुड़कर वापस नहीं आई। पीछे छूट गए वह बूढ़े मां-बाप जिन्होंने तिनका-तिनका जोड़कर अपने बच्चों को इस काबिल बनाया कि वह शहर जा सकें। आज उन्हीं बच्चों के पास अपने उन माता-पिता के लिए वक्त नहीं है, जिन्होंने अपनी पूरी उम्र पहाड़ की पथरीली खेती और अभावों में काट दी।
May 12, 2026हरिद्वार। 2.5 लाख रूपये व वाहन लूट की फर्जी सूचना पुलिस को देना पांच लोगों को भारी पड़ गया है। पुलिस ने उन्हे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार कोतवाली भगवानपुर को सलीम पुत्र अलीहसन निवासी 62 फुटा रोड मौहल्ला खाताखेडी थाना मण्डी जिला सहारनपुर उ.प्र. द्वारा सूचना दी गयी कि कुछ लोग मुझसे ग्राम खेड़ी शिकोहपुर से जबरदस्ती मेरी गाड़ी व गाड़ी में रखे करीब ढाई लाख रूपये छीनकर भाग गए है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शूरू कर दी गयी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो को खंगालते हुए अपराधियों की तलाश शुरू की जिसके पश्चात नबीर पुत्र जमील उम्र 19 वर्ष, शौकिन पुत्र बाबू उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मानक माजरा कोतवाली भगवानपुर जनपद हरिद्वार और साहिब पुत्र आलीम उम्र 32 वर्ष निवासी डाडाजलालपुर कोतवाली भगवानपुर जनपद हरिद्वार द्वारा जबरदस्ती वाहन को अपने साथ लेकर जाना पाया गया। जिस पर पुलिस ने तीनो व्यक्तियो को पूछताछ हेतु थाना लाया गया। पूछताछ में आपसी पैसो के लेन देने के सम्बन्ध में प्रकाश में आया। सूचना देने वाले ने एक प्लानिंग के तहत पुलिस को गुमराह करने की नीयत से पुलिस को झूठी सूचना दी गई थी जिस कारण पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त तीनों व्यक्तियो जिनके द्वारा मोटरसाइकिल ले जाई थी व सूचना देने वाले अन्य दो व्यक्तियो सलीम पुत्र अलीहसन निवासी 62 फुटा रोड मौहल्ला खाताखेडी थाना मण्डी जिला सहारनपुर उ.प्र. उम्र 48 वर्ष, नौशाद पुत्र शमशाद निवासी सम्राट कालोनी मण्डी समिती रोड थाना मण्डी जिला सहारनपुर उ0प्र0 उम्र 55 वर्ष के विरूद्व अन्तर्गत धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गयी है।
May 12, 2026नैनीताल। मंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची पिकअप वाहन के पिछले टायर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार कुंदन सिंह अपनी पत्नी गीतांजली और इकलौती बेटी काव्या के साथ बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र के पास किराए के मकान में रहते हैं। उनके पड़ोस में पिकअप चालक सुरेश चिलवाल रहता है, जिसके साथ मासूम काव्या अक्सर खेलती थी। बताया जा रहा है कि बीते रोज काव्या घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सुरेश काम पर जाने के लिए अपनी पिकअप गाड़ी बैक कर रहा था। वाहन पीछे करते समय उसकी नजर बच्ची पर नहीं पड़ी और काव्या पिछले टायर की चपेट में आ गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मासूम की मौत के बाद माता—पिता का रो—रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि मामले में अभी तक चालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
May 11, 2026देहरादून। मसूरी में पिता की वर्दी का रौब झाड़ना एक युवक का भारी पड़ गया। युवक अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी—कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य जगहों पर फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक शराब के नशे में वाहन चलाता भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी कार सीज कर दी है।चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान यह मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार,यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर यूपी नंबर की एक वैगनआर कार पुलिस को संदिग्ध लगी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी—कैप रखी हुई थी, जबकि पीछे की सीट पर उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक की पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। युवक ने स्वीकार किया कि वह टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी होने का प्रभाव दिखाने के लिए अपने साथ पुलिस वर्दी और पी—कैप लेकर चलता था। जांच में युवक शराब के नशे में वाहन चलाता हुआ पाया गया। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। युवक ने पुलिस से माफी मांगी, लेकिन पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया है।