- मोर्चो व मीडिया प्रभारियों को दिए जीत के टिप्स
देहरादून। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने आज भाजपा मोर्चो की बैठक में अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा 350 के पार का मंत्र देते हुए कहा कि सभी को अपने—अपने काम में जुट जाना चाहिए।
उन्होंने मोर्चो के पदाधिकारियों को कहा कि उनके पास जो भी पद है वह सिर्फ नाम के लिए नहीं है अगर वह पार्टी के लिए काम नहीं करेंगे तो पद भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के द्वारा निर्धारित जो भी कार्यक्रम सौपे जा रहे हैं वह अपने—अपने क्षेत्र में उन पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करें। उन्होंने विश्वास जताया है कि भाजपा के लिए चुनाव जीतना कोई चुनौती नहीं है चुनौती इस बात की है कि आपने कैसे चुनाव जीता।
उन्होंने आज प्रथम सत्र में भाजपा के सभी मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों को कैसे आगे बढ़ाना है इसका मंत्र दिया। भाजपा संपर्क अभियान और अटल चौपालों के साथ—साथ 15 अगस्त 26 जनवरी जैसे खास मौकों पर होने वाले कार्यक्रमों के जरिए आम आदमी तक कैसे पहुंचना है। यहां यह उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश के निकाय चुनाव भी नवंबर में प्रस्तावित है जिनके तय समय में ही होने की उम्मीद है। भाजपा की कोशिश है कि पिछले चुनाव की तरह इस बार भी निकायो के चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन किया जाए। जिसका लाभ आम चुनाव में भी मिल सके। बीएल संतोष ने दूसरे सत्र में पार्टी के मीडिया प्रभारियों के साथ भी बैठक की जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी।