Home News Posts उत्तराखंड सीमा पर हुए शहीद का पार्थिव शव पहुंचा पैतृक घर

सीमा पर हुए शहीद का पार्थिव शव पहुंचा पैतृक घर

0
13

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के वीर सपूत विकास कुमार, जो सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हो गए, को आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारतीय सेना के वीर जवान विकास कुमार, जो 19 कुमाऊँ रेजिमेंट में तैनात थे, देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए। उनकी तैनाती सिक्किम में थी। इस बहादुर सिपाही की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके पैतृक गांव गणकोट (सुकौली) में मातम का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं, वहीं उनके हृदय में गर्व भी है कि उनका बेटा देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि शहीद विकास कुमार का बलिदान देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उनका यह सर्वाेच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। शहीद विकास कुमार अपने पीछे माता—पिता, पत्नी, भाई तथा एक 8 माह के शिशु को छोड़ गए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here