नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है। इसको लेकर प्रमोद कृष्णम ने एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा कि पंडित मोतीलाल नेहरु से लेकर आज तक कांग्रेस हमेशा शोषित, वंचित और आदिवासियों के साथ खड़ी रही है। राष्ट्रपति चुनाव में एक आदिवासी महिला उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू का विरोध करना मेरे विचार से बिलकुल उचित नहीं है, पार्टी हाई कमान को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज ही 10 जनपथ पर पार्टी के सीनियर लीडर्स की एक मीटिंग बुलाई है। कांग्रेस की इस मीटिंग से पहले प्रमोद कृष्णम का ये ट्वीट चर्चा में रह सकता है। कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने दो दिन पहले ही राष्ट्रपति पद के लिए यूपीए के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के एक बयान को लेकर उनपर निशाना साधा था। यशवंत सिन्हा ने कहा था कि राष्ट्रपति चुने जाने पर मैं संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करूंगा और सरकार को ऐसा कुछ भी करने से रोकूंगा, जिससे प्रजातंत्र का हनन हो।