जम्मू। जम्मू कश्मीर के गांदरबल में रविवार को हुए आतंकी हमले मे सात लोगों की मौत हुई है। इस आतंकी हमले के बाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की। फारूक अब्दुल्ला ने गांदरबल आतंकी हमले पर कहा कि ये बहुत ही दर्दनाक वाकया है। कई गरीब मजदूर जो अपनी कमाई के लिए कश्मीर आते हैं। उन बेचारों को इन दरिंदों ने कल शहीद कर दिया। इसके साथ ही हमारे एक डॉक्टर साहब जो लोगों की खिदमत करते हैं, वो भी अपनी जान खो बैठे। अब बताइए, मुझे कि इन दरिंदों को मिलेगा क्या? क्या वो समझते हैं कि इससे यहां पाकिस्तान बनेगा? फारूक ने कहा कि हम कई सालों से देख रहे हैं कि वे लोग यहां आ रहे हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि ये मामला खत्म हो। हम लोग आगे बढ़ें। हम मुश्किल हालातों से निकल सकें। मैं पाकिस्तान के हुक्मरानों से कहना चाहता हूं कि अगर वे सचमुच हिंदुस्तान से दोस्ती चाहते हैं तो ये बंद कीजिए। कश्मीर, पाकिस्तान नहीं बनेगा। नहीं बनेगा, नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि हमें मेहरबानी करके इज्जत से रहने दीजिए, तरक्की करने दीजिए। कब तक आप हमले करते रहेंगे? 1947 से आपने शुरू किया। बेगुनाहों को मरवाया। क्या पाकिस्तान बना? जब ये 75 साल में पाकिस्तान नहीं बना तो आज कैसे बनेगा।




