नई दिल्ली। भारी बारिश के कारण देश के कई राज्यों में हाहाकार मच गया है। बाढ़ की चपेट में आने के कई लोगों की जान जा चुकी है। खराब मौसम, तेज बरसात और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कई राज्यों में स्कूल बंद हो गए हैं। बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पटना प्रशासन ने गांव के 76 स्कूलों को 31 अगस्त तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
उत्तर पूर्वी राज्य मिजोरम में भी बारिश से बुरा हाल हो गया है। मिजोरम की राजधानी आइजवाल समेत तीन जिलों में भारी बारिश का कहर जारी है। प्रशासन ने पिछले हफ्ते 5 दिन तक स्कूल बंद रखने के आदेश दिए थे। 20 अगस्त से राज्य में मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। भूस्ख्लन की वजह से कई रास्ते बंद हो चुके हैं। बता दें कि इसी साल मार्च में भूस्ख्लन के कारण मिजोरम में 42 लोगों की मौत हो गई थी।
गुजरात में आई बाढ़ से हर तरफ त्राहिमाम मच गया है। गुजरात के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में 27 अगस्त से ही प्रशासन ने स्कूल बंद करने के आदेश दे दिए थे। भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले दो दिन से राज्य में मूसलाधार बरसात हो रही है। इसकी वजह से हजारों लोगों को एक जगह से दूसरी जगह भेजा गया है। NDRF की टीम बचाव कार्य में जुटी है। लगातार बरसात के कारण सरदार सरोवर बांध और नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इससे स्थानीय प्रशासन की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।




