देहरादून। कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित कई कांग्रेसी आज दिवंगत ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के घर पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी।
विदित हो कि राजपुर स्थित जोहड़ी क्षेत्र में सोमवार तड़के अराजक तत्वों द्वारा की गई सरेराह गोलीबारी की घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले तुलाज अपार्टमेंट निवासी रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी के सीने में गोली लगने से मौत हो गयी थी। आज उनके अंतिम संस्कार के दिन पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष सहित कई कांग्रेसी दिवंगत ब्रिगेडियर जोशी के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने स्व. जोशी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस घटना को लेकर प्रीतम सिंह ने प्रदेश की कानून—व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि, “राजधानी देहरादून में इस तरह दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना होना बेहद चिंताजनक है। जब आम नागरिक सुबह टहलने में भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार की कानून—व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शासन—प्रशासन पूरी तरह से निष्क्रिय नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं और जनता में भय का माहौल पैदा कर रही हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर पूर्व देहरादून महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, मसूरी से पूर्व प्रत्याशी गोदावरी थापली, मालसी वार्ड के पार्षद सुमेन्द्र बोरा, पार्षद सागर लामा, प्रशांत खंडूरी, मनीष गोनियाल, शुभम खरोला, नीरज पाल, रूपेश कुमार, संदीप कुमार आदि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।




