October 26, 2026कानूनी कार्रवाई अपनी जगह, सियासी संग्राम अपनी जगह विस चुनाव से पहले राजनीति का बड़ा मुद्दा बना मामला न्याय की मांग और राजनीतिक लाभ की कोशिशें धुंधली देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग अब केवल अदालत, जांच और अभियोजन तक सीमित नहीं रह गई है। यह मामला प्रदेश की राजनीति के केंद्र में है। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक, विपक्ष के राजनीतिक मंचों से लेकर सत्तारूढ़ भाजपा के जवाबी हमलों तक, अंकिता के नाम पर सियासी संघर्ष तेज होता जा रहा है। सवाल यह है कि जिस मामले में जनता निष्पक्ष जांच, दोषियों को सजा और कथित वीआईपी की भूमिका पर स्पष्टता चाहती है, उसमें न्याय की मांग और राजनीतिक लाभ की कोशिशों के बीच की रेखा लगातार धुंधली क्यों पड़ रही है?अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के लिए महज एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा, सत्ता की जवाबदेही और व्यवस्था पर जनता के भरोसे की कसौटी बन चुका है। यही कारण है कि मामले से जुड़ा कोई भी घटनाक्रम राजनीतिक प्रतिक्रिया पैदा करता है। कांग्रेस इसे सरकार को घेरने के अवसर के रूप में देख रही है, जबकि भाजपा जांच और कानूनी कार्रवाई का हवाला देकर विपक्ष पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाती रही है। इस टकराव में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए राजनीतिक दलों की घोषणाएं ठोस नतीजों में कितनी बदल रही हैं?मामले को लेकर अंकिता के माता-पिता की मांगों ने राजनीतिक बहस को और तेज किया है। कथित वीआईपी की भूमिका की जांच और सीबीआई जांच को लेकर उठ रहे सवालों ने प्रदेश की राजनीति में नए सिरे से हलचल पैदा की है। अंकिता के माता-पिता की आवाज को राजनीतिक बयानबाजी में सीमित नहीं किया जा सकता। उनकी मांगों का परीक्षण तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के आधार पर होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों का निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही निकलना चाहिए।दूसरी ओर, विपक्ष का तर्क है कि जब तक मामले से जुड़े सभी सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक जनता की शंकाएं दूर नहीं होंगी। कांग्रेस इस मुद्दे को सरकार की जवाबदेही से जोड़ रही है। न्याय यात्रा और विरोध प्रदर्शनों के जरिए वह अंकिता प्रकरण को जनभावनाओं से जोड़ने की कोशिश में है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या यह आंदोलन न्याय की मांग को निर्णायक दिशा दे पाएगा या चुनावी राजनीति के शोर में उलझकर रह जाएगा?सत्तारूढ़ भाजपा के सामने चुनौती केवल विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की नहीं है। उसे यह भी सुनिश्चित करना है कि जनता के मन में उठ रहे सवालों का तथ्यपरक और विश्वसनीय समाधान सामने आए। सरकार और भाजपा की ओर से जांच तथा कानूनी कार्रवाई का हवाला दिया जाता रहा है, लेकिन किसी संवेदनशील मामले में केवल कार्रवाई गिनाना पर्याप्त नहीं होता। जनता यह जानना चाहती है कि जांच के निष्कर्ष क्या हैं, न्यायिक प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ी है और जिन सवालों को लेकर असंतोष है, उनका जवाब किस आधार पर दिया जा रहा है।भाजपा यदि विपक्ष पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाती है, तो उसे भी यह समझना होगा कि अंकिता का मामला किसी एक दल की प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं है। यह उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने और व्यवस्था के प्रति विश्वास बनाए रखने का सवाल है। इसी तरह विपक्ष को भी आरोपों को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखनी होगी।उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच अंकिता भंडारी हत्याकांड का राजनीतिक महत्व बढ़ना तय है। कांग्रेस इसे महिला सुरक्षा और सरकार की जवाबदेही से जोड़कर भाजपा को घेरने की कोशिश करेगी। भाजपा की रणनीति विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक अवसरवाद बताकर अपने पक्ष को मजबूत करने की होगी। दूसरे राजनीतिक दल भी जनभावनाओं से जुड़े इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर सकते हैं।लेकिन चुनावी राजनीति में इस मामले का इस्तेमाल करने और न्याय की मांग को जीवित रखने में अंतर है। यदि राजनीतिक दलों की सक्रियता केवल बयान, आरोप-प्रत्यारोप, धरना और प्रदर्शन तक सीमित रहती है, तो इससे जनता की बेचौनी कम होने के बजाय बढ़ सकती है। इसके विपरीत, यदि राजनीतिक दबाव का परिणाम पारदर्शिता, जवाबदेही और न्यायिक प्रक्रिया में जनता के विश्वास को मजबूत करने के रूप में सामने आता है, तो यह लोकतांत्रिक राजनीति की सार्थक भूमिका होगी।अंकिता भंडारी हत्याकांड ने उत्तराखंड की राजनीति को एक असहज सवाल के सामने खड़ा कर दिया है। क्या राजनीतिक दल इस मामले को न्याय की मांग के रूप में देखेंगे या इसे चुनावी जीत-हार का औजार बना देंगे? क्या सत्ता पक्ष जनता की शंकाओं का जवाब तथ्यों से देगा और क्या विपक्ष अपने आरोपों को प्रमाणों के आधार पर आगे बढ़ाएगा? इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया को राजनीतिक बयानबाजी से अलग रखते हुए चलना चाहिए। जांच से जुड़े तथ्यों, अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों और न्यायिक निष्कर्षों को ही निर्णायक महत्व मिलना चाहिए। साथ ही, जनता के सवालों को केवल राजनीतिक विरोध बताकर खारिज करना भी उचित नहीं होगा।अंकिता के नाम पर राजनीति हो रही है या राजनीति के दबाव से न्याय की मांग मजबूत हो रही हैकृइसका फैसला नारों से नहीं, नतीजों से होगा। उत्तराखंड की जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर पारदर्शी जवाब, जवाबदेही और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा चाहिए। 2027 के चुनाव में राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर अपनी-अपनी परीक्षा देनी होगी, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष चुनाव नहीं, अंकिता को न्याय दिलाने का सवाल है।