मशहूर सिंगर सोनू निगम पर हमला!

0
218

मुंबई। मशहूर सिंगर सोनू निगम पर हमला किया गया। सोनू को तो ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन एक शख्स घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में एक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी स्थानीय शिवसेना विधायक का बेटा बताया जा रहा है। सोनू निगम का चेंबूर में एक लाइव कंसर्ट था, इसी दौरान ये घटना हुई। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने सोनू निगम की शिकायत पर इस शख्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 341 और 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि सिंगर के साथ-साथ उनसे साथ मौजूद अन्य लोगों पर भी हमला किया गया। सोनू निगम ठीक हैं, लेकिन बाकी दो लोगों को चोटें आई हैं। सोनू निगम का कहना है कि उनके बॉडीगार्ड ने उन्हें इस हमले से सुरक्षित बचाया। डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने कहा कि लाइव कंटर्स के बाद सोनू निगम स्टेज से नीचे आ रहे थे तभी एक शख्स ने उन्हें जकड़ लिया। विरोध करने पर उसने सोनू निगम और उनके साथ चल रहे दो लोगों को धक्का दे दिया जिनमें से एक बुरी तरह घायल हो गया। आरोपी का नाम स्वप्निल फाटरपेकर है। हमले में घायल शख्स की पहचान रब्बानी के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना तब हुई जब सोनू निगम चेंबूर में हो रहे म्यूजिक कंसर्ट के बाद स्टेज से उतर रहे थे। इस घटना के बाद सोनू निगम चेंबूर पुलिस थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी एक स्थानीय विधायक का बेटा है। उन्होंने कहा कि आरोपी सेल्फी के लिए सोनू के पास पहुंचा, तभी उसके और सोनू निगम के सुरक्षाकर्मियों के बीच हाथापाई हुई। इस घटना पर गायक सोनू निगम ने कहा कि संगीत समारोह के बाद मैं मंच से नीचे आ रहा था तभी एक आदमी ने मुझे पकड़ लिया। फिर उसने हरि और रब्बानी को धक्का दिया जो मुझे बचाने आए थे। फिर मैं सीढ़ियों पर गिर गया। सोनू ने कहा, रब्बानी की आज मौत हो सकती थी। उसे किस तरह से धक्का दिया गया था आप वीडियो में देख सकते हैं, मैं भी गिरने वाला था। सोनू ने अपने बयान में साफ किया कि उन्होंने आम लोगों को जागरूक करने के लिए शिकायत दर्ज कराई हैं। उन्होंने कहा, मैंने एक शिकायत दर्ज कराई ताकि लोग परिणामों के बारे में सोचें जब वे जबरदस्ती सेल्फी या तस्वीरें लेने की कोशिश करते हैं, हंगामा होता है, धक्का मुक्की होती है। डीसीपी राजपूत ने कहा कि मैंने सोनूजी से बात की है। अब तक हमें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है। आरोपी सेल्फी लेना चाहता था या उसने कोशिश की होगी। हम कारण का पता लगाने के लिए और जांच करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here