अमृतसर। चीला गांव में देर शाम सरपंच के बेटे की गोलियों से भूनकर सरेआम हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद हत्यारे फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
मामला चीला गांव का है। यहंा देर शाम बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर सरपंच के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने वारदात को तब अंजाम दिया, जब वह गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहा था। मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है। हमले में तीरथ के साथ उस वक्त मौजूद उसका एक दोस्त रणजीत घायल हुआ है. जिसका इलाज चल रहा है। अमृतसर के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की। उन्होंने बताया कि तीरथ सिंह अपने एक दोस्त के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आया था, तभी कुछ लोगों के द्वारा उस पर हमला किया गया। सात से आठ राउंड गोलियां चलाई गईं. जिसमें तीरथ सिंह को गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त रणजीत सिंह घायल हुआ है. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया कि हमला करने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है और पुलिस ने कुछ लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. इनमें गुरजीत सिंह, गुरजंत सिंह, हरकीर सिंह (उर्फ हकी), गोरा नाम का एक आदमी और गांव का नंबरदार शामिल हैं। पुरानी दुश्मनी थी जिसकी वजह से यह हमला किया गया और जिसमें तीरथ सिंह की मौत हो गई। बताया कि मृतक तीरथ सिंह के भाई करेल सिंह, ब्लॉक समिति के सदस्य हैं और उनकी मां गांव की सरपंच हैं. सभी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।





