हरिद्वार। शिव की नगरी कहे जाने वाली धर्मनगरी हरिद्वार में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां पर आठ दरिन्दों ने एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। हालांकि पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर के अनुसार, पीड़िता लक्सर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। रविवार रात वह अपने परिचित मित्र के साथ बाइक पर काठा—फूलगढ़ गांव की ओर जा रही थी। गांव से कुछ दूरी पर खेतों में सात—आठ युवकों ने उनका पीछा किया और दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने पहले युवक की बुरी तरह पिटाई की और उसे भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की, अश्लील हरकतें कीं और उसे पास के खेत में ले गए। वहां एक युवक ने उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता के अनुसार, सभी आरोपी नशे में धुत थे और बाकी युवक भी दुष्कर्म करने की कोशिश कर रहे थे। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने किशोरी को पूरी रात कैद रखकर मारने की योजना बनाई। हालांकि, मौका मिलते ही किशोरी नग्न अवस्था में खेतों के रास्ते भाग निकली और पास के एक घर में छिप गई। वहां मौजूद महिला ने उसे कपड़े दिए और मदद की। किशोरी रातभर घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में निकले। सुबह किशोरी मिली तो उसने पूरे परिवार को अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत पथरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।





