देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले दस साल में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
आज यहां प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस में कोई आपसी मनमुटाव नहीं है इस बार चुनाव सभी मिलकर एक साथ लडेंगे और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार से जनता काफी निराश है। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार में काफी इजाफा हुआ है। प्रदेश सरकार अपने दस साल के प्रोग्राम के बारे में कोई श्वेत पत्र जारी नहीं कर सकती है। पूरे देश में युवा बेरोजगार है और रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीबीएससी व नीट के पेपर लीक हो रहे हैं। अयोध्या में चंदा चोरी के मामले में वेणुगोपाल ने कहा कि अयोध्या मंदिर ट्रस्ट प्रधानमंत्री के सुपरविजन में है और चंदा चोरी में प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हुए हैैं और अगर इनके खिलाफ कोई बोलता है तो उसके यहां ईडी, सीबीआई भेज देते हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी श्ौलजा ने कहा कि भाजपा सन् 90—91 से राममंदिर के नाम पर राजनीति करती आ रही है जो अब लूटेरे बन गये है। इन्होंने आस्था की धज्जियां उडा दी है और प्रधानमंत्री चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इस चोरी की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब बद्रीनाथ मंदिर से चढ़ावा चोरी हो गया है। उन्होने कहा कि यह लोग भगवान के लुटेरे हैं। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यहां कोई सुरक्षित नहीं है। इस चोरी में भाजपा के लोग शामिल है। विपक्ष इनको आईना दिखायेगा। इस बार सब मिलकर चुनाव लडेंगे और जीत हासिल करेंगे। इस अवसर पर प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, करन माहरा, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, लालचंद शर्मा व आंदोलनकारी मोहन खत्री सहित कई लोग मौजूद रहे।




