देहरादून। मामूली विवाद में कार से कुचलने का प्रयास करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जुलाई 25 को राजेन्द्र सिंह रावत निवासी डाण्डी रानीपोखरी द्वारा थाना रानीपोखरी पर आकर प्रार्थना पत्र दिया कि नवीन पुत्र स्व. खिलपति उर्फ गुरुप्रसाद, सौरभ तिवाडी, सत्तम तथा पंकज निवासी कौडसी रानीपोखरी, द्वारा उसके व अन्य लोगों के साथ मामूली विवाद होने पर गाली गलौच व जान से मारने की धमकी दी गयी। जिसके उपरान्त उनके द्वारा जानबूझकर अपनी आई—10 कार को तेजी से चलाकर वहां खडे 30—35 लोगों पर चढाने का प्रयास किया गया। जिसमें उसके पुत्र व पत्नी को गम्भीर चोटें आई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत आरोपियोंं की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आस—पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की सहायता से आरोपियों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही सुरागरसी पतारसी करते हुए पुलिस टीम द्वारा किये गये प्रयासों के परिणाम स्वरूप चैकिंग के दौरान मिली सूचना पर सूर्यधार रोड के पास से घटना में शामिल नवीन कुमार पुत्र स्व. गुरु प्रसाद,—सौरभ तिवाडी पुत्र हरीश तिवाडी तथा पंकज पुत्र स्व. गुरु प्रसाद को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से घटना में संलिप्त आई—10 कार को बरामद करते हुए सीज किया गया। घटना में नामजद एक अन्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।




