- सीएम ने मां के साथ डाला वोट
- भट्ट बोले राज्य में अब ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी
देहरादून/खटीमा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपनी मां के साथ खटीमा के नगला तराई में अपना मतदान किया इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए अधिक से अधिक संख्या में वोट करें।
मुख्यमंत्री आज यहां अपनी मां के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे तथा अपने मताधिकार का प्रयोग किया उनके साथ उनकी मां ने भी अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि जब तक गांवों का विकास नहीं होगा देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए बहुत सारी योजनाएं चलाई जा रही है लेकिन इन योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिल सकता है जब हमारी ग्राम सभाएं ग्राम पंचायते और जिला पंचायते जिन्हें छोटी सरकार कहा जाता है मजबूत हो। उन्होंने कहा कि विकास का पहला पायदान ग्राम पंचायत ही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अच्छे जनप्रतिनिधियों के चुनाव के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें जिससे योग्य और पढ़े—लिखे लोग चुनकर आए।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी आज पौड़ी के पोखरा मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला और लोगों से चुनाव में मतदान करने की अपील की। उधर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ का कहना है कि पंचायत के चुनाव को लेकर जनता में भारी उत्साह है जनता को पता है कि केंद्र में भाजपा की सरकार है तथा राज्य में भी भाजपा की सरकार है। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तभी संभव है जब राज्य में डबल नहीं ट्रिपल इंजन की सरकार हो। उनका कहना है कि लोग भाजपा पर ही भरोसा करते हैं। 2014 के बाद राज्य में छोटे—बड़े जितने भी चुनाव हुए हैं उसमें बीजेपी ने ही जीत का परचम लहराया है। पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी सफलता मिलना तय है। जितने भी निर्विरोध प्रत्याशी चुने गए हैं उनमें अधिकांश भाजपा के समर्थक हैं। यह ग्रामीण विकास के लिए जरूरी है।




