- होटल व्यवसायी से मांगे थे 75 हजार रूपये
देहरादून। उत्तराखंड के जीएसटी विभाग को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहंा विजिलेंस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी को उनके कार्यालय में ही 75 हजार रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत उन्होने राजपुर रोड स्थित एक होटल व्यवसायी से ली गयी थी।
जानकारी के अनुसार असिस्टेंट कमिश्नर शशिकांत दुबे तथाकथित तौर पर राजपुर रोड स्थित एक होटल व्यवसाई को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। उसका चालान करने से लेकर कई तरह की धमकी दी जा रही थी। मिली शिकायत पर विजिलेंस ने जांच करते हुए मामले को सही पाया इसके बाद आज शशिकांत दुबे को उनके अपने ऑफिस से रिश्वत लेते हुए अरेस्ट किया गया है। विजिलेंस सूत्रों के मुताबिक इनके ऑफिस रिकॉर्ड से लेकर घर की तलाशी भी लिए जाने की तैयारी समाचार लिखे जाने तक चल रही थी। देखना होगा कि इस मामले के बाद आगे किस तरह की और भी कार्यवाहियां सामने नजर आएँगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर भ्रष्टाचार की रोकथाम को लेकर टोल फ्री 1064 नंबर भी जारी किया गया है। इस मुहिम के तहत यदि किसी भी सरकारी विभाग में कोई कर्मचारी, अधिकारी आम जनता से किसी भी तरह की रिश्वत मांगता है तो 1064 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत की जा सकती है। शिकायत करने वाले का नाम एवं नंबर गुप्त रखा जाएगा। भ्रष्टाचार की शिकायत पर बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जांच एजेंसियों को खुली छूट दी गई है।



