August 16, 2026रुद्रपुर। आस्था जूनियर हाई स्कूल, शिवनगर, रुद्रपुर में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर की प्रोफेसर डॉ. वसुंधरा उपाध्याय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व छात्र संघ सचिव रोहित भट्ट जी, राहुल तिवारी जी एवं रमेश जोशी जी की भी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक पंकज दासगुप्ता एवं प्रधानाचार्या सुनीता गंगवार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण अनंदिता घोष, सोमेन कर्मकार, अभिषेक दासगुप्ता, पिंकी, अंजलि, राजरानी, नेहा भारती, नेहा सागर, गुंजन, अनु, रजनी रानी, शालिनी, राजपाल, नरेंद्र, पुष्पा, रेखा, मिथिलेश एवं देवाशीष सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
August 16, 2026देहरादून। जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई केवाईसी प्रक्रिया तेजी चल रही है जिसके लिए भारत सरकार द्वारा अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी l जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं जिनमें से अभी तक 5,57,546उपभोक्ताओं ने ईकेवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराई है। इनमें 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। ऐसी दशा में भारत सरकार द्वारा एक अवसर और प्रदान करते हुए अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र ईकेवाईसी पूर्ण कर लें। ईकेवाईसी करने के तीन सरल माध्यम उपलब्ध हैं: एक, संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर; दो, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप व बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से, और तीन, संबंधित तेल विपणन कंपनी (जैसे इण्डेन, भारत गैस या एचपी गैस) का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर स्वयं भी की जा सकती है। जिला पूर्ति अधिकारी के के अग्रवाल द्वारा सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी ईकेवाईसी पूर्ण कराकर घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ प्राप्त करते रहें। निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 तक भी EKYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित हो जाएगी और उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी l
August 16, 2026वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाले एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद पास में मौजूद एयरपोर्ट स्टाफ के दो कर्मचारियों को जा लगी। घायलों में एक महिला कर्मचारी भी शामिल है। दोनों को तत्काल इलाज के लिए हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी एक यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री ने अपने पास मौजूद पिस्टल और उसकी मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को पहले ही दे दी थी। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर हथियार और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली जमीन से टकराने के बाद पास खड़े एक पुरुष कर्मचारी के हाथ और एक महिला कर्मचारी की जांघ में जा लगी।एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दोनों कर्मचारियों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, हथियार और उसके दस्तावेजों की जांच के दौरान यह घटना हुई। जांच के समय हथियार का मालिक और एयरपोर्ट स्टाफ दोनों मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और हथियार से संबंधित प्रक्रिया को लेकर भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोली किन परिस्थितियों में चली।
August 16, 2026देहरादून। देहरादून जिले की त्यूणी तहसील में रविवार तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। सीमांत गांव पुरटाड के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे में वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान खजानदास (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वे उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र के निवासी थे। हादसे में घायल हुए व्यक्ति का नाम रवि बताया गया है, जो भी मोरी के निवासी हैं। रवि को तुरंत त्यूणी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। पिकअप वाहन तुंगाण से त्यूणी की ओर जा रहा था। पुरटाड गांव के पास पहुंचते ही वाहन नियंत्रण खो बैठा और करीब 200 मीटर गहरी खाई में पलट गया। पहाड़ी इलाके में ऐसी दुर्घटनाएं अक्सर घातक साबित होती हैं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की।हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतक के शव को भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
August 16, 2026देहरादून। क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति द्वारा देश के 80वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रेम नगर मुख्य बाजार में 500 से अधिक पौधों का वितरण किया गया जिसमें चंपा, चमेली, रात की रानी, कनेर, नीम इत्यादि वृक्ष शामिल रहे। देहरादून उद्योग व्यापार मंडल एवं क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति के तत्वाधान में उक्त कार्यक्रम को संपन्न किया गया जिसमें प्रेम नगर एवं आसपास के समस्त निवासियों ने प्रतिभाग किया देहरादून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत सहगल द्वारा अत्यधिक सहयोग प्रदान किया गया। उनके द्वारा इस अवसर पर सर्वप्रथम गुरुकुल पोंधा के बच्चों द्वारा हवन, उसके उपरांत ध्वजारोहण कार्यक्रम एवं उसके उपरांत कढ़ी चावल का प्रसाद वितरित किया गया। साथ-साथ क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति के सभी सदस्य वृक्षों को वितरित करने में लगे रहे। कार्यक्रम में विशेष आमंत्री के रूप में राज्य मंत्री विश्वास डाबर, भारतीय जनता पार्टी से अर्चित डाबर, देहरादून महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री पंकज मैसेन एवं जसविंदर सिंह जोगी कांग्रेस उपाध्यक्ष देहरादून उपस्थित रहे।उक्त अभियान में समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप सिंह अहलूवालिया, सचिव जेपी किमोठी, संयोजक अमित चौधरी, संयोजक नितिन कुमार, दून टीवीएस के मालिक राजेश भाटिया, राजेश बाली, सुश्री सपना, गगन चावला, सुश्री सोनिया, नमित चौधरी, टीका बहादुर थापा, अनुराग शर्मा, सुदीप ममगाई, शिवम शुक्ला एवं दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत सहगल, सुभाष जसोरिया, जतिन तलवार इत्यादि मौजूद रहे।
August 16, 2026तीन बच्चों के पिता की मौत से परिवार में मचा कोहराम – पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपाहल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली में पत्नी के मायके से नहीं लौटने से नाराज एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बहादुरगंज (पीलीभीत) निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पनियाली क्षेत्र में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था। वह प्लंबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दिनों उसकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी।परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात सर्वेश की फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटा और सभी का दुलारा था। करीब 13 साल पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, पत्नी के समय पर मायके से नहीं लौटने और फोन पर बातचीत के दौरान हुई कहासुनी से सर्वेश काफी परेशान था।जयप्रकाश के मुताबिक, गुरुवार को सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से साफ कहा था कि यदि वह आज ही मायके से नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी। परिजनों ने बताया कि सर्वेश ने इसी साल होलिका दहन की रात भी घर पर फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय परिजनों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया।हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।