सभी धामों में मोबाइल फोन बैन

0
303
  • यात्रा व्यवस्था सुधारने में जुटा प्रशासन
  • यात्रियों को जगह—जगह रोकने पर आक्रोश
  • यमुना घाटी में व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

देहरादून। अव्यवस्थाओं के भंवर में फंसी चार धाम यात्रा को सुचारू संचालित करने के प्रयास में जुटे प्रशासन द्वारा अब कई तरह के प्रयोग किये जा रहे हैं। यात्रियों को जगह—जगह रोके जाने और गेट सिस्टम से यात्रा कराने से लेकर पंजीकरण और स्वास्थ्य जांच के साथ—साथ प्रशासन ने धामों में मोबाइल फोन पर बैन लगा दिया है। लेकिन इन प्रयासों से न तो यात्री खुश है और न ही व्यापारी और न तीर्थ पुरोहित और पुजारी।
चार धाम यात्रा में उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अब पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने के साथ—साथ अब सभी यात्रा मार्गों पर चेक पोस्ट बनाकर यात्रियों को रोकने की व्यवस्था की गई है। देहरादून हरिद्वार से लेकर सभी धामों तक 8 से 10 जगह यात्रियों को रोका जा रहा है। बात अगर दून की करे ंतो इसके लिए नयागांव और हरबर्टपुर में चेक पोस्ट बनाकर यात्रियों को रोका जा रहा है। यमुना घाटी तक कटा पत्थर और बड़कोट तक ऐसे 8 से 10 स्थान है जहां सभी यात्रियों को एक—दो घंटे रोका जा रहा है जिससे धामों में क्षमता से अधिक पहुंचे यात्रियों की वापसी हो सके और अन्य यात्री जा सके। केदारनाथ और बद्रीनाथ में कुछ हद तक हालात सामान्य होने की बात भी कहीं जा रही है लेकिन यात्रा के दौरान बार—बार रोके जाने को लेकर भी यात्री नाराज है। उनका कहना है कि इस तरह यात्रा करने में उनका दोगुना समय और पैसा लग रहा है वहीं ठहरने और हेली बुकिंग व्यवस्था भी गड़बड़ा गई है।
वहीं प्रशासन द्वारा यात्रियों को रोके जाने से स्थानीय व्यापारी व दुकानदार भी परेशान है। उन्होंने आज यमुना घाटी में सड़कों पर उतरकर इसका विरोध किया गया। प्रशासन द्वारा सभी धामों में 200 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन ले जाने पर भी बैन लगा दिया गया है। गाजे—बाजे के साथ धाम पहुंचने वाले इन यात्रियों द्वारा धामों में रील बनाने से भी यात्रा बाधित होने की बात कही जा रही है। यात्रियों को जगह—जगह रोके जाने से और फिर छोटे—छोटे समूह में आगे भेजने की व्यवस्था से धामों में यात्रियों का दबाव कम हो रहा है लेकिन यात्रा प्रभावित भी हो रही है। बड़ी संख्या में लोग बिना दर्शन किए ही लौट रहे हैं। सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने आज बद्रीनाथ व केदारनाथ धाम जाकर यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और एक—दो दिन में हालात सामान्य होने की बात कही है। उनका कहना है की यात्रा सुचारू रूप से चल रही है तथा कमियों को दूर किया जा रहा है। बड़े वाहनों व 42 सीटर बसों के संचालन के कारण भी मार्ग बाधित हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here