नकली पुलिसकर्मियों ने क्राइम ब्रांच की रेड बताकर कैफे मालिक से लूटे 25 लाख रुपए

0
156


मुंबई। मुंबई में छह लोग खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक मशहूर कैफे मालिक के घर में घुस गए और 25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। क्राइम ब्रांच से होने का दावा करने वाले छह लोग मुंबई के सायन इलाके में एक कैफे मालिक के घर में घुस गए। कथित तौर पर 25 लाख रुपये ले गए। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी के अनुसार, शहर के माटुंगा इलाके में एक लोकप्रिय कैफे चलाने वाले शख्स ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को छह लोग सायन अस्पताल के पास घर पर आए और कहा कि वे मुंबई क्राइम ब्रांच से हैं। उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि हम चुनाव ड्यूटी पर हैं। जानकारी मिली है कि आपके घर में लोकसभा चुनाव के सिलसिले में पैसे रखे हैं। मुंबई में आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। इस पर कैफे मालिक ने कहा कि हमारे पास फूड बिजनेस के केवल 25 लाख रुपये कैश रखे हैं और इन पैसों का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद सभी छह आरोपियों ने वे 25 लाख रुपये ले लिए और कैफे मालिक को केस में फंसाने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद कैफे मालिक ने सायन पुलिस स्टेशन से संपर्क किया तो पता चला कि उनके घर पर कोई पुलिसकर्मी नहीं गया था। कैफे मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने छह में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि क्राइम में एक रिटायर्ड पुलिस कॉन्स्टेबल और परिवहन विभाग के कर्मचारियों के शामिल होने का संदेह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here