मुंबई में होर्डिंग गिरने से 14 लोगोंकी मौत, 74 घायल

0
163


मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में धूल भरी आंधी के दौरान समता कॉलोनी के रेलवे पेट्रोल पंप पर बड़ा होर्डिंग गिरने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। 74 से ज्यादा लोग घायल हो गए। करीब 15 हजार वर्ग फीट से बड़े इस होर्डिंग का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। अधिकारियों के मुताबिक, इसे नगर निकाय की इजाजत के बिना लगाया गया था। बीएसमी कमिश्नर भूषण गगरानी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, होर्डिंग गिरने की वजह से अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है। 74 लोग घायल हो गए हैं। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस समय होर्डिंग गिरा वो वहीं पर थे। उन्होंने बताया कि किसी बिल्डर का होर्डिंग गिरा, जिस वजह से वहां खड़ी कारें, बाइक और लोग उसके नीचे दब गए। हमने लोगों को निकलने में मदद की और किसी तरह खुद भी बचे। मुंबई और आसपास के कुछ हिस्सों में सोमवार को तेज हवाएं चलने और बारिश से मेट्रो और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। मेट्रो रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि तेज हवाओं के कारण बिजली के तार पर एक बैनर गिरने के बाद आरे और अंधेरी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं। एक अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण ठाणे और मुलुंड स्टेशन के बीच एक एक खंभा झुक जाने से मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हुईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here