टपकेश्वर महादेव शोभा यात्रा : भगवान शिव के 11रूद्र रूपों पर हैलीकाप्टर से हुई पुष्पवर्षा

0
477

देहरादून। टपकेश्वर महादेव मन्दिर की शोभायात्रा में जहां एक ओर बाहर से आये कलाकारो की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया वहीं दस साल बाद भगवान शिव के 11 रूद्र रूपों पर आसमान से पुष्पवर्षा की गयी। इस दौरान साफ सफाई व यातायात के लिए सेवादल के लोगों ने अपने हाथों में कमान सम्भाल रखी थी।


आज यहां प्रातः 11 बजे शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर महादेव मन्दिर के महंत कृष्ण गिरी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा अर्चना के बाद शोभा यात्रा को रवाना किया इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा, विधाायक गणेश जोशी, खजान दास भी मौजूद थे। शोभा यात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झण्डा बाजार होते हुए भण्डारी चौक पर पहुंची। इस दौरान शोभा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। भण्डारी चौक पर दुकानदारों के द्वारा स्टाल लगाकर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। शिव बारात भण्डारी चौक से पीपल मण्डी, राजा रोड चौक होते हुए पल्टन बाजार में पहुंची। शोभा यात्रा जहां से भी गुजरती वहीं पर व्यापार मण्डल के द्वारा फूलों की वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया जाता तथा शीतल पेय व खाने की वस्तुओं के स्टाल लगाकर शोभा यात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत किया गया।

शोभा यात्रा में भगवान शिव के 11 रूद्र रूप की झाकियाेंं ने लोगों का मन मोह लिया और वह झांकी जहां से भी निकलती लोगों का मन भक्तिमय हो जाता। इसके साथ ही शोभा यात्रा में बांके बिहारी वृदांवन, टपकेश्वर की झांकियों के अलावा टपकेश्वर महादेव के तीन डोले श्री दूधेश्वर, श्री पतेश्वर व श्री देवेश्वर की झांकियां भी आकर्षक का केन्द्र रही। शोभा यात्रा में भोले बाबा का गुणगान करते अंतर्राष्ट्रीय सुयोगब बैण्ड नागपुर, पंजाब बैण्ड सहारनपुर व अल्ताफ बैण्ड ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। शोभा यात्रा जब सहारनपुर चौक पहुंची तो वहां पर हैलीकाप्टर से पुष्पवर्षा की गयी। शोभा यात्रा जब घंटाघर पर पहुंची तो वहां पर भी हैलीकाप्टर से फूलों की वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। शोभा यात्रा घंटाघर से चकराता रोड होते हुए बिन्दाल तिराहे से गण्ढी कैण्ट रोड होते हुए टपकेश्वर मन्दिर पहुंची शोभा यात्रा जब गढी चौक पर पहुंची तो वहां पर भी शोभा यात्रा पर हैलीकाप्टर से फूलोें की बारिश की गयी। शोभायात्रा के दौरान व्यापार मण्डल सहित विभिन्न संगठनों के द्वारा 200 से 300 स्टाल लगाकर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान साफ सफाई व यातायात की कमान सेवादल के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में ले रखी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here