April 2, 2026देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चला संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन की सुरक्षा हेतु सभी अधीनस्थों को अपने—अपने क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने हेतु निर्देशित किया गया है। दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा रात्रि एवं दिन में लगातार सघन चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाते हुए संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी क्रम में आज प्रातः से ही सभी थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों/ पार्कों के पास गौरा पुलिस टीम तथा यातायात पुलिस की टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रातः मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों तथा बच्चो को स्कूल लेकर जा रहे अभिभावकों से पुलिस टीमों द्वारा बातचीत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता हेतु उपलब्ध है। इस दौरान अनावश्यक एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में चेकिंग अभियान लगातार जारी है।
April 2, 2026हरिद्वार। महिला के कान के कुंडल लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से लूटे गये कुंडल व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है।जानकारी के अनुसार बीती 27 मार्च को पीड़िता निवासी रोशनाबाद द्वारा सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया गया था कि अज्ञात बाइक सवार द्वारा झपटृा मारकर उसके सोने के कुंडल छीन लिये गये है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरे की तलाश शुरू कर दी गयी। लुटेरे की तलाश में जुटी पुलिस द्वारा एक सूचना के बाद क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला दिया गया। इस दौरान पुलिस ने जब एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इस पर उसे घेर कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटे गये कुंडल बरामद किये गये। पूछताछ में उसने अपना नाम नसीम मलिक पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार बताया। बताया कि उसकी दो—दो शादियां हो रखी है जिससे आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जिस कारण अपराध किया गया है।
April 2, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर रावल ने भगवान केदारनाथ जी की कृपा एवं प्रदेश की सुख—समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने रावल का स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की और कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। भेंट के दौरान केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रावल से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की प्रगति एवं जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
April 2, 2026ईरान—इजराइल युद्ध में ईरान ने न सिर्फ इसराइल सहित अमेरिकी समर्थित तमाम मिडल ईस्ट के देशों को अपनी ताकत का लोहा मानने पर मजबूर कर दिया है बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को भी घुटनों पर ला दिया है। इस युद्ध को एक माह बीत चुका है, भारी जान माल के नुकसान के बावजूद भी ईरान के हौसलों में किसी तरह की कमी नहीं आई है। जबकि इसराइल और अमेरिका अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि ईरान की मिसाइल का जखीरा कब खत्म होता है। इस युद्ध में ईरान को न रोक पाने के कारण विश्व के तमाम देशों के सामने जो गंभीर एनर्जी संकट पैदा हो गया उसे लेकर अब भारी बेचैनी बढ़ती जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अब अपने राष्ट्र को संबोधित करते हुए यह साफ कर दिया है कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि युद्ध कब रुकेगा लेकिन अब उन्होंने इस युद्ध से अपने आप को अलग कर लिया है उनका कहना है कि हमारा उद्देश्य था ईरान को इतना पीछे धकेल देना कि वह परमाणु हथियार न बना सके और इसमें वह सफल हो चुके हैं भले ही ट्रंप की बात पर कोई भरोसा करने को तैयार नहीं है लेकिन अमेरिका सहित ब्रिटेन के पीएम तथा ऑस्ट्रेलिया के पीएम के साथ भारत के प्रधानमंत्री द्वारा अपने—अपने राष्ट्र को एक साथ संबोधित किए जाने की घटनाओं को एक साथ जोड़कर देखा जाए तो यह साफ हो जाता है कि इस युद्ध से जो संभावित बड़ा खतरा पैदा हुआ है वह अभी टला नहीं है बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब कुछ बड़ा होने जा रहा है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह पहला मौका है जब विश्व के चार राष्ट्रों के राष्ट्रीय अध्यक्षों को एक साथ अपने देश को संबोधित करने की स्थिति पैदा हुई है। भारत में इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही देशवासियों को कोरोना काल जैसे संकट का सामना करने के लिए तैयार रहने की बात कह चुके हैं। अब वैसी संभावनाएं ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री द्वारा जताया जाना तथा चीन के राष्ट्रपति का भी यह कहना कि कुछ बड़ा होने वाला है तृतीय विश्व युद्ध की ओर इशारा करता है। क्या होने वाला है भले ही इसके बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता है सिर्फ अनुमान और कयास ही लगाये जा सकते हैं लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है की स्थिति अत्यंत ही गंभीर बन चुकी है। आधे से अधिक विश्व राष्ट्रों की सप्लाई लाइन को रोके जाने के कारण तमाम देशों में गैस, तेल और अन्य जरूरी सामानों की कमी होने से हालात खराब हो रहे हैं तथा तमाम देशों की अर्थव्यवस्था डावंाडोल होती जा रही है। भले ही भारत और अमेरिका जैसे देश हालत को सामान्य बताते रहे लेकिन ऐसा है नहीं। भारत में पेट्रोल, डीजल व गैस की अगर कमी नहीं है तो क्यों केरोसिन तेल से प्रतिबंध समाप्त करने का फैसला लिया गया है क्यों आए दिन इन वस्तुओं के लिए नियम कानून बदले जा रहे हैं। क्यों 200 से अधिक दवाओं की कीमतें बढ़ाई गई हैं यही नहीं देश में पीएम व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सैन्याध्यक्षों के साथ हाई लेवल बैठके हो रही है? इस युद्ध के कारण भारत ही नहीं तमाम देशों की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही है। इस इस युद्ध से विश्व राष्ट्रों के सामने एक अनिश्चितता का जो माहौल बन चुका है वह अत्यंत ही चिंतनीय है जिसका समाधान युद्ध विराम और शांति के सिवाय कुछ नहीं है।
April 2, 2026गुस्साये ग्रामीणों ने की पुलिस चौकी में तोड़फोड़ हरिद्वार। सड़क दुर्घटना में देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से जहंा बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी वहीं दो लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं कार चालक को हिरासत में ले लिया। लेकिन इस दौरान गुस्साये ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर वहंा तोड़—फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया।मामला हरिद्वार—नजीबाबाद हाईवे का है। जानकारी के अनुसार, कांगड़ी क्षेत्र निवासी प्रवेश किमोठी अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार—नजीबाबाद हाईवे पर एक तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवेश किमोठी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया और उसे नजदीकी पुलिस चौकी में बैठा दिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर परिवार और गांव में पहुंची, बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण चौकी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी के भीतर घुसकर आरोपी चालक के साथ मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच—बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ का गुस्सा बढ़ता गया। हंगामे के दौरान चौकी परिसर में तोड़फोड़ की भी सूचना है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक चौकी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चौकी में हुई तोड़फोड़ के मामले की जांच की जा रही है।
April 1, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त किए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव को सराहते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, यहां नगर निकायों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, विशेषकर चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे आयोजनों के दौरान। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय प्रदान करना, वर्दी एवं स्नोबूट हेतु ₹2500 की सहायता, स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस लागू करना, ईपीएफ एवं ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने हेतु निर्देश जारी करना, संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 करने के साथ ही कई और निर्णय लिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ एवं ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को गति दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण हेतु ‘नमस्ते योजना’ तथा ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक श्री सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक श्री संतोष गौरव, श्री नरेश वेद एवं अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।