हरिद्वार। भगवानपुर पेट्रोल पंप डकैती मामले में फरार चल रहे दस हजार के ईनामी डकैत को एसटीएफ द्वारा दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी डकैत द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 2021 में भगवानपुर स्थित पेट्रोल पंप में सशस्त्र डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में सशस्त्र बदमाशों द्वारा भगवानपुर स्थित पेट्रोल पंप में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले की जांच हुई तो पुलिस को पता चला कि इस मामले में एक राजा नाम का बदमाश भी शामिल है जिसने अपने साथियों सहित इस डकैती की वारदात को अंजाम दिया है तथा जो लगातार फरार चल रहा था। जिस पर प्रशासन द्वारा दस हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।
ईनामी बदमाशों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ द्वारा जब राजा की तलाश शुरू की गयी तो उसके दिल्ली में छिपे होने का पता चला। इस पर एसटीएफ द्वारा बदमाश राजा को कल देर शाम बॉर्डर रोड नरेला,दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का डकैत है जिस पर अन्य राज्यों में भीं लूट डकैती के मुकदमें दर्ज है। राजा के गैंग में अन्य बदमाश एक—एक लाख के ईनामी भी है जो कुछ माह पूर्व हरियाणा में सरेंडर हो गये थे।