पंजाब पुलिस ने करोड़ो की ठगी का आरोपी उत्तराखण्ड से दबोचा

0
72

पंजाब। करोड़ों रुपये के नेचर हाइट्स इंफ्रा घोटाले मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरीदकोट और फाजिल्का पुलिस की ज्वाइंट टीम ने मुख्य आरोपी नीरज थठायी उर्फ नीरज अरोड़ा को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। वह करीब सात साल से फरार और भगोड़ा था। आरोपी को उत्तराखंड के पौड़ी जिले से गिरफ्तार किया गया, जिसने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई लोगों को रिहायशी और व्यापारिक प्लॉट देने का झासा देकर करोड़ों रुपये ठगे हैं। आरोपी पर 21 जिलों में 108 मामले दर्ज हैं।
आईजी गुरशरण सिंह संधू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राज्य में लोगों को पैसे या प्लॉट देने का वादा करके कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के लिए 21 जिलों में 108 एफआईआर दर्ज हैं। इनमें फाजिल्का में 47, फिरोजपुर में आठ, पटियाला—फतेहगढ़ साहिब में 6—6, रूपनगर—महरौली—एसएस नगर में 5—5 और फरीदकोट, श्री मुक्तेसर साहिब और जालंधर में 4—4 केस दर्ज है। बताया कि अरोड़ा को फरवरी, 2016 में फाजिल्का पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद उसे जमानत मिल गई, फरवरी, 2017 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। उसके खिलाफ ईडी ने भी केस दर्ज किए हैं और उसकी संपत्तियों को कुर्क किया है, जबकि उसके खिलाफ पंजाब—हरियाणा हाईकोर्ट में कई रिट याचिकाएं लंबित हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर रहा था। उन्होंने कहा, आरोपी के पास पंजाब और मध्य प्रदेश में 1,200 एकड़ से अधिक जमीन और 200 आवासीय फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होने बताया कि आरोपी अरोड़ा को पौडी जिले के श्री नगर गढ़वाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लग्जरी कार, मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here