रैट माइनर के घर पर बुलडोजर चलाए जाने पर सियासत तेज

0
153


नई दिल्ली। दिल्ली के खजूरी खास इलाके में रैट माइनर वकील हसन के घर पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस ने रैट माइनर वकील हसन का घर तोड़े जाने को लेकर बीजेपी को निशाने पर लिया है। घर को बुलडोजर से गिराने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रैट माइनर वकील हसन की पत्नी के दर्द पर संवेदना जताते हुए बीजेपी पर गरीबों को कुचलने और उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। प्रियंका गांधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वकील हसन की पत्नी का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वो बीजेपी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपना दुख बयां कर रही है। वीडियो में वकील हसन की पत्नी कहते हुए नजर आ रही हैं कि उनके पति तो उत्तरकाशी के हीरो थे। उन्होंने 41 लोगों की जान बचाई थी। सब उन्हें सम्मान दे रहे थे। आज उस सम्मान के बदले मेरा मकान ले लिया। मोदी जी कहते थे सबका साथ और सबका विकास। मेरा विकास कहां है। पुलिस ने मेरे परिवार के सदस्यों को मारा पीटा। मेरे बेटे और बेटी को भी थाने में बंद कर दिया। क्या सरकार हमें बताएगी कि अब हम कहां जाएंगे? प्रियंका गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- वकील हसन ने अपनी जान जोखिम में डालकर उत्तरकाशी सुरंग में फंसे मजदूरों की जान बचाई थी। तब अपने प्रचार के लिए भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं थीं। जब प्रचार खत्म हो गया तो आज उसी वकील हसन को थाने में बंद कर दिया और उनका घर तोड़कर उनके बच्चों के सिर से छत छीन ली। गरीबों का घर तोड़ना, उन्हें कुचलना, प्रताड़ित और अपमानित करना – यह अन्याय ही भाजपा के अन्यायकाल की सच्चाई है। जनता इस अन्याय का जवाब जरूर देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here